Nepal Gen-Z Protest: नेपाल में पिछले कई दिनों से तनाव का माहौल बना हुआ है। नेपाल में बढ़ती हिंसा और तनाव को देखते हुए काठमांडू एयरपोर्ट को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। इसके कारण बड़ी संख्या में यात्री, जिनमें भारतीय नागरिक भी शामिल हैं, एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं।
इस स्थिति से निपटने के लिए भारत सरकार ने राहत और बचाव अभियान को तेज कर दिया है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, भारतीय वायु सेना (IAF) के दो विशेष विमान काठमांडू भेजे जाएंगे, जिनके जरिए एयरपोर्ट पर फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रूप से दिल्ली लाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कौन हैं सुदन गुरुंग? बच्चों को यूनिफॉर्म और किताबों के साथ प्रदर्शन में बुलाया
हालिया प्रदर्शनों और झड़पों के बाद नेपाल की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जिस पर भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार नजर बनाए हुए है।
नेपाल इस समय अशांति की लहर से गुजर रहा है क्योंकि स्थिति पर काबू पाने के लिए सेना ने पूरे देश में लॉकडाउन लागू कर दिया है। कई जगहों पर हिंसा भड़क उठी है, जिनमें एक जेल भी शामिल है जहां हुई फायरिंग में पांच लोगों की मौत हो गई।
प्रदर्शनकारियों ने सरकारी दफ्तरों को भी निशाना बनाया, यहां तक कि निर्वाचन आयोग के दफ्तर में आग लगा दी गई, जिससे अफरा-तफरी और बढ़ गई। अधिकारियों के लिए हालात काबू में लाना बेहद मुश्किल हो रहा है क्योंकि देशभर में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।









