Kolkata waterlogged: कोलकाता इस समय भारी बारिश से जूझ रहा है। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक करीब सात घंटे तक लगातार हुई भारी बारिश से कोलकाता के बड़े हिस्सों में जलभराव हो गया।
मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि इसी तरह की बारिश 25 सितंबर के आसपास कोलकाता और आसपास के इलाकों में दोबारा हो सकती है। इस कारण कई सामुदायिक पूजा आयोजक सतर्क हो गए हैं। कोलकाता नगर निगम के एक अधिकारी ने कहा, ‘हमें सड़कों से पानी निकालने के लिए ड्रेनेज पंप चलाने के आपात निर्देश मिले हैं।’
शहर के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। मौत की घटनाएं बेनियापुकुर, कलिकापुर, नेताजी नगर, गरियाहाट और एकबालपुर जैसे इलाकों में अलग-अलग मामलों में हुईं। ये सभी क्षेत्र कोलकाता के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में आते हैं।
यह भी पढ़ें- Breaking: दिल्ली के सरिता विहार में STF और बदमाश के बीच मुठभेड़, माया गैंग का सरगना घायल
भारी बारिश के कारण जलभराव ने यातायात को बाधित कर दिया, साथ ही उपनगरीय रेल और मेट्रो सेवाओं पर भी असर पड़ा। शहर के कई निचले इलाकों में पानी घरों के अंदर घुस गया और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। बुधवार को शहर के कई स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी।
ट्रेन और मेट्रो रेल सेवाएं बाधित
अधिकारियों ने बताया कि जलभराव की वजह से शहर और उपनगरों में ट्रेन और मेट्रो सेवाएं बाधित रहीं। कोलकाता मेट्रो रेलवे के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सुबह से ही शाहिद खुदीराम और मैदान स्टेशनों के बीच सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। उन्होंने बताया, ‘फिलहाल truncated सेवाएं दक्षिणेश्वर और मैदान स्टेशनों के बीच चलाई जा रही हैं। जल्द ही सामान्य सेवाएं बहाल होने की उम्मीद है।’
पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने कहा कि जलभराव के चलते सीलदह साउथ सेक्शन में ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं, जबकि सीलदह नॉर्थ और मेन सेक्शन में आंशिक सेवाएं जारी हैं।
भारी बारिश के कारण हावड़ा और कोलकाता टर्मिनल स्टेशनों की ओर आने-जाने वाली ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। सर्कुलर रेलवे लाइन पर भी चितपुर यार्ड में जलभराव के चलते ट्रेन सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
कोलकाता में स्कूल की छुट्टी
भारी बारिश और सड़कों पर जलभराव को देखते हुए शहर के कई स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी है। ऑफिस जाने वाले लोगों को सार्वजनिक परिवहन की कमी और ट्रैफिक जाम के कारण भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
कोलकाता नगर निगम (KMC) ने बताया कि शहर के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश की तीव्रता सबसे अधिक रही। गरिया कमदहारी इलाके में कुछ ही घंटों में 332 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि जोधपुर पार्क में 285 मिमी बारिश हुई।
कालीघाट में 280 मिमी, टॉपसिया में 275 मिमी, बालीगंज में 264 मिमी और उत्तरी कोलकाता के थंटानिया में 195 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने दी और बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम और बांकुरा जिलों में बुधवार तक भारी वर्षा की संभावना है।









