महाराष्ट्र सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी माझी लाडकी बहिन योजना की e-KYC प्रक्रिया की समय सीमा बढ़ा दी है। पहले यह अंतिम तिथि 18 नवंबर तय की गई थी, लेकिन बड़ी संख्या में लाभार्थियों की परेशानी को देखते हुए इसे आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। राज्य की मंत्री अदिति तटकरे ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
31 दिसंबर तक बढ़ी अंतिम तारीख
मंत्री अदिति तटकरे ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार के निर्देश पर e-KYC की अंतिम तिथि में विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा— “लाडकी बहन योजना की e-KYC प्रक्रिया दो महीने पहले शुरू हुई थी। अंतिम तिथि आज थी, लेकिन यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई पात्र महिला लाभ से वंचित न रह जाए, समयसीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी गई है।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कदम से उन लाभार्थियों को राहत मिलेगी जिनकी e-KYC OTP आधारित सत्यापन में अटक रही थी।
आधार से लिंक बैंक खाता अनिवार्य
योजना का लाभ उठाने के लिए लाभार्थी महिला का बैंक खाता आधार से लिंक होना जरूरी है।
ई-केवाईसी की प्रक्रिया इस प्रकार होती है—
- लाभार्थी का आधार नंबर पोर्टल पर दर्ज किया जाता है।
- आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाता है।
- OTP वेरिफिकेशन के बाद ही प्रक्रिया पूरी होती है।
कई लाभार्थी OTP न मिलने या पुराने मोबाइल नंबर दर्ज होने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे थे। समय सीमा बढ़ने से ऐसे मामलों को सुलझाने के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
हर महीने मिलते हैं 1500 रुपये
महाराष्ट्र सरकार माझी लाडकी बहिन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता देती है। इस योजना की घोषणा राज्य विधानसभा चुनाव से पहले की गई थी और माना जाता है कि महायुति गठबंधन की बड़ी जीत में इस योजना की बड़ी भूमिका रही।
यह भी पढ़ें: दो पैन कार्ड रखने पर इतने साल की सजा मिल सकती
सरकार का कहना है कि समय बढ़ाने से कोई भी योग्य महिला योजना से वंचित नहीं रहेगी और दिसंबर तक सभी लाभार्थियों की e-KYC प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।









