पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एंट्री हो गई है। गुरुवार (12 फरवरी 2026) को सीबीआई ने इस केस में औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ने केस नंबर 7S/26 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच केंद्रीय स्तर पर होगी।
12 दिन बाद CBI का एक्शन
राज्य सरकार ने 31 जनवरी को केंद्र सरकार से इस मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह विभाग के मंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए केंद्र से सीबीआई जांच का अनुरोध किया है।
करीब 12 दिनों बाद अब सीबीआई ने आधिकारिक तौर पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे मामले में नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पहले से SIT कर रही थी जांच
इस मामले की जांच पहले राज्य स्तर पर गठित विशेष जांच दल (SIT) कर रहा था। SIT ने डीएनए जांच के लिए कई लोगों के सैंपल भी एकत्र किए हैं। हालांकि अब तक जांच किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है।
पीड़ित छात्रा के परिजनों ने SIT की जांच पर सवाल उठाए थे। परिवार का आरोप था कि उन पर दबाव बनाया जा रहा है और बार-बार एक जैसे सवाल पूछे जा रहे हैं। परिजन इस जांच से असंतुष्ट थे और उन्होंने बिहार के डीजीपी से भी मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
विपक्ष का सरकार पर हमला
मामले में देरी और स्पष्ट नतीजे सामने न आने को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने आरोप लगाया था कि इस मामले में किसी मंत्री या मंत्री के परिजन की संलिप्तता हो सकती है।
हालांकि इस बयान पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि यदि किसी के पास नाम या सबूत हैं तो सामने लाएं, दोषी कोई भी हो, 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की जाएगी।
अब क्या करेगी CBI?
सीबीआई द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद अब एजेंसी पूरे मामले की नई सिरे से जांच करेगी। संभावना है कि SIT की अब तक की जांच रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और कॉल डिटेल रिकॉर्ड सहित सभी दस्तावेजों की समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर नए सिरे से पूछताछ और तकनीकी जांच भी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: Rafale Deal 2026: भारत को मिलेंगे 114 राफेल, डील को मिली मंजूरी
परिवार और जनता की नजर CBI जांच पर
नीट छात्रा की मौत ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी थी। परिवार और आम जनता अब सीबीआई जांच से निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। अब देखना होगा कि केंद्रीय एजेंसी अपनी जांच में किन तथ्यों को सामने लाती है और क्या इस गुत्थी को सुलझाने में सफलता मिलती है।









