भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर निजी जिंदगी को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद भी उनका रिश्ता अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ बना रहा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि पवन सिंह का केवल एक नहीं, बल्कि कई महिलाओं से जुड़ाव रहा है।
“स्टार से शादी की थी, इसलिए चुप रही” – ज्योति सिंह
ज्योति सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, “जब मेरी शादी हुई, तो मेरे पिता ने समझाया था कि एक आम इंसान से नहीं, बल्कि एक स्टार से शादी हो रही है, इसलिए थोड़ा बहुत समझौता करना पड़ेगा। मैंने कभी पवन जी से उनके किसी भी अफेयर को लेकर सवाल नहीं किया। मैं चाहूं तो भगवद गीता सामने रखकर कसम खा सकती हूं कि मैंने कभी विरोध नहीं किया।”
उन्होंने आगे बताया कि वो बहुत कुछ सहती रहीं, लेकिन हर बार यही सोचकर चुप रहीं कि एक कलाकार से शादी की है, और उनके जीवन की परिस्थितियां सामान्य नहीं होतीं।

अक्षरा सिंह के साथ रिश्ते पर बोलीं ज्योति
अभिनेत्री अक्षरा सिंह और पवन सिंह का रिश्ता पहले भी चर्चा में रहा है। इस पर ज्योति सिंह ने कहा, “मेरी शादी के कुछ महीनों बाद तक पवन जी और अक्षरा साथ में थे। उनके बीच क्या हुआ, ये मुझे नहीं पता, लेकिन वो साथ थे। और सिर्फ अक्षरा ही नहीं, कई महिलाओं के साथ ऐसा हुआ है। मैं अकेली नहीं हूं जिसने ये सब झेला है।”
पहले भी लग चुके हैं आरोप
गौरतलब है कि इससे पहले भी अक्षरा सिंह ने पवन सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने भी अपने रिश्ते को लेकर कई बातों का खुलासा किया था। अब जब ज्योति सिंह ने भी ऐसे ही आरोप लगाए हैं, तो यह मामला एक बार फिर से सुर्खियों में आ गया है।
पवन सिंह की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं
इन सभी आरोपों पर अब तक पवन सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फैंस और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोग पवन सिंह के जवाब का इंतजार कर रहे हैं।
क्या कहती है इंडस्ट्री?
भोजपुरी इंडस्ट्री में पवन सिंह का बड़ा नाम है। एक ओर जहां वह अपने गानों और फिल्मों को लेकर लोकप्रिय रहते हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी निजी जिंदगी बार-बार विवादों में आती रही है। पत्नी द्वारा लगाए गए इन ताजा आरोपों से उनकी छवि पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: गृह मंत्री अमित शाह अब Gmail का नहीं करेंगे इस्तेमाल
पवन सिंह और ज्योति सिंह के रिश्ते में आई दरार अब सार्वजनिक हो चुकी है। एक तरफ जहां पत्नी ने कई चौंकाने वाले दावे किए हैं, वहीं अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि पवन सिंह इस पर क्या सफाई देते हैं। क्या यह विवाद यहीं थमेगा, या मामला और गंभीर रूप लेगा – इसका जवाब आने वाला वक्त देगा।








