पीएनबी स्कैम मामले (PNB Scam case) में बड़ा अपडेट आया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने बेल्जियम के न्याय मंत्रालय और वहां की सक्षम न्यायिक प्राधिकरणों को एक औपचारिक आश्वासन पत्र सौंपा है, जिसमें विस्तार से बताया गया है कि यदि भारतीय कारोबारी मेहुल चोकसी को बैंक फ्रॉड मामले में बेल्जियम से भारत प्रत्यर्पित किया जाता है, तो उसकी हिरासत किन शर्तों और परिस्थितियों में होगी।
एक रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार और जेल प्रशासन से परामर्श के बाद गृह मंत्रालय द्वारा जारी और अनुमोदित इन आश्वासनों में मानवाधिकार संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए हिरासत के दौरान सामग्री, चिकित्सीय और प्रक्रियात्मक सुरक्षा प्रावधानों का उल्लेख किया गया है।
यह भी पढ़ें- Breaking: दिल्ली में चाइल्ड ट्रैफिकिंग गैंग का भंडाफोड़, 6 नवजात बच्चे बरामद
ये आश्वासन भारत की ओर से मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण अनुरोध के तहत दिए गए हैं। चोकसी पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश), 409, 420, 477A और 201 के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (POCA), 1988 की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है।
भारत सरकार ने बेल्जियम की अदालत को यह विश्वास दिलाने के लिए हिरासत सुविधा, कैदियों की संख्या की सीमा, चिकित्सीय प्रावधान और निगरानी तंत्र का ब्योरा दिया है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि चोकसी की हिरासत न्यूनतम अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो।
गृह मंत्रालय ने मुंबई की आर्थर रोड जेल के बैरक नंबर 12 को मेहुल चोकसी की हिरासत के लिए नामित सुविधा बताया है। पत्र में कई आश्वासन दिए गए हैं, ताकि हिरासत सही तरीके से हो। हर बंदी को कम से कम तीन वर्ग मीटर का व्यक्तिगत स्थान (फर्नीचर को छोड़कर) उपलब्ध कराया जाएगा, जो यूरोप की काउंसिल फॉर प्रिवेंशन ऑफ टॉर्चर (CPT) के मानकों के अनुरूप है। बैरक नंबर 12 की अधिकतम क्षमता छह लोगों की है, और रिपोर्ट के समय वहां की दो सेल खाली थीं।
बैरक में सोने की व्यवस्था में मैट्रेस तकिया, चादर और कंबल शामिल हैं। चिकित्सीय परामर्श या अदालत के आदेश पर धातु या लकड़ी का बिस्तर भी उपलब्ध कराया जा सकता है। सेल में ग्रिल वाली खिड़कियां, वेंटिलेटर और पंखे लगे हैं, साथ ही नियमित सफाई, कीट नियंत्रण और लगातार पेयजल की व्यवस्था है। शौचालय और स्नानघर सेल के भीतर ही बने हैं, जिन्हें रहने के क्षेत्र से अलग किया गया है और इनमें फ्लश टॉयलेट, वॉश बेसिन और नहाने की सुविधाएं शामिल हैं।
पत्र के अनुसार, कैदियों को दिन में तीन बार पर्याप्त भोजन दिया जाएगा और चिकित्सकीय परामर्श पर विशेष आहार की सुविधा भी होगी। जेल कैंटीन से फल और हल्के नाश्ते जैसी चीजें भी ली जा सकती हैं। प्रतिदिन खुले मैदान में व्यायाम की अनुमति होगी और इनडोर मनोरंजन के लिए बोर्ड गेम्स और कैजुअल बैडमिंटन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जेल में योग, ध्यान और पुस्तकालय की सुविधा भी मौजूद है।









