Haryana Man Shot Dead in California: हरियाणा के जींद जिले के एक 26 वर्षीय युवक की अमेरिका के कैलिफोर्निया में उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई जब उसने एक शख्स को सार्वजनिक रूप से यूरिन करने से रोका।
मृतक की पहचान कपिल के रूप में हुई है, जो सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम कर रहा था। बरा खेड़ा गांव के ईश्वर के बेटे कपिल ने ड्यूटी के दौरान एक व्यक्ति को बाहर यूरिन करने से रोका। इस पर उस व्यक्ति ने मौके पर ही गोली मारकर उसकी हत्या कर दी, यह जानकारी गांव के सरपंच सुरेश कुमार गौतम ने दी है।
यह भी पढ़ें- अब मेहुल चोकसी पर कसा शिकंजा, गृह मंत्रालय के प्लान के आगे बेल्जियम सरकार भी फेल!
कपिल किसान परिवार का इकलौता बेटा था। वह ढाई साल पहले अमेरिका गया था। बताया जाता है कि 2022 में वह डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा था। इस दौरान उसने पनामा के जंगल पार किए और मैक्सिको बॉर्डर की दीवार चढ़कर अमेरिका में प्रवेश किया। इस यात्रा पर उसके परिवार ने करीब 45 लाख रुपये खर्च किए थे। शुरुआती गिरफ्तारी के बाद उसे कानूनी प्रक्रिया के जरिए रिहा कर दिया गया और तभी से वह वहां रह रहा था।
परिवार को उसकी मौत की जानकारी अमेरिका में रहने वाले एक रिश्तेदार ने दी। कपिल की दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। सरपंच ने कहा, ‘पूरा गांव इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है, लेकिन परिवार गहरे सदमे में है।’ उन्होंने बताया कि परिवार डिप्टी कमिश्नर से मुलाकात कर कपिल का शव भारत लाने की मांग करेगा। हमें उम्मीद है कि सरकार पूरा सहयोग करेगी’।









