Gen Z protesters enter Parliament: नेपाल में सोशल मीडिया पर बैन को लेकर प्रदर्शन उग्र होता जा रहा है।जनरेशन-ज़ी (1997–2012 के बीच जन्मे) प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को पुलिस बैरिकेड तोड़कर और गेट फांदकर नए बनेश्वर स्थित संघीय संसद परिसर में घुसपैठ कर दी।
शांतिपूर्ण विरोध का वादा करने वाले प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
स्थिति बिगड़ने के बाद काठमांडू जिला प्रशासन कार्यालय ने दोपहर 12:30 बजे से रात 10:00 बजे तक बनेश्वर के आसपास के प्रमुख क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाने की घोषणा की। मुख्य जिला अधिकारी छबी रिजाल द्वारा हस्ताक्षरित कर्फ्यू आदेश में कहा गया कि यह निर्णय स्थानीय प्रशासन अधिनियम, 2028 की धारा 6 (A) के अनुसार लिया गया है।
यह भी पढ़ें- ‘डंकी रूट’ से अमेरिका गए हरियाणा के युवक की गोली मारकर हत्या, जानें- पूरा मामला?
कर्फ्यू का दायरा इस प्रकार तय किया गया है..
- नए बनेश्वर चौक से पश्चिम में एवेरेस्ट होटल होते हुए बिजुलीबाजार पुल तक।
- पूर्व में मिन भवन और शांति नगर होते हुए तिनकुने चौक तक।
- उत्तर में आईपीलेक्स मॉल से रत्न राज्य माध्यमिक विद्यालय तक।
- दक्षिण में शंखमूल पुल तक।
जनरेशन-ज़ी प्रदर्शनकारी काठमांडू, पोखरा, बुटवल, बिराटनगर और अन्य शहरों में भ्रष्टाचार और सरकार द्वारा सोशल मीडिया बंद करने के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। बनेश्वर में कुछ युवाओं को पुलिस गार्ड हाउस पर चढ़ते देखा गया, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने आंसू गैस छोड़ी।
प्रशासन लगातार संसद भवन में घुसने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को हटाने के प्रयास कर रहा है।









