‘पंचायत’ सीजन 4 की जबरदस्त सफलता के बाद अब प्राइम वीडियो के दर्शक एक और धमाकेदार वेब सीरीज़ का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं – ‘द फैमिली मैन 3’ का। इस बहुप्रतीक्षित सीज़न की झलक अब सामने आ चुकी है। मेकर्स ने पहला पोस्टर जारी करते हुए यह साफ कर दिया है कि फैंस को एक बार फिर जबरदस्त एक्शन, इमोशन और थ्रिल से भरपूर कहानी मिलने वाली है।
पोस्टर में दिखा श्रीकांत तिवारी का टेंशन भरा अंदाज़
मनोज बाजपेयी द्वारा निभाया गया किरदार श्रीकांत तिवारी इस बार पहले से ज्यादा खतरों से घिरा नजर आ रहा है। हाल ही में रिलीज़ किए गए पोस्टर में श्रीकांत को चारों तरफ से हथियारबंद लोगों से घिरा हुआ दिखाया गया है, और उनका चेहरा इस बार किसी बड़ी चुनौती का संकेत देता है।
पोस्टर को साझा करते हुए प्राइम वीडियो ने लिखा,“सभी की नजरें हमारे ‘द फैमिली मैन’ पर हैं। नया सीज़न जल्द आ रहा है…”
View this post on Instagram
सीजन 3 की स्टारकास्ट में कई नए और पुराने चेहरे
इस सीजन में मनोज बाजपेयी के साथ-साथ कई पुराने चेहरे फिर से वापसी करने जा रहे हैं। इनमें गुल पनाग की वापसी की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा तमिल एक्टर संदीप किशन, श्रेय धनवंतरी, जुगल हंसराज, दर्शन कुमार, सीमा बिस्वास, दलीप ताहिल, हरमन सिंघा और विपिन शर्मा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
क्या होगा सीजन 3 की कहानी में?
हालांकि मेकर्स ने अभी कहानी की दिशा को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है, लेकिन पहले दो सीज़न की तरह तीसरे सीज़न में भी श्रीकांत तिवारी का किरदार घरेलू जीवन और देश की सुरक्षा के बीच जूझता दिखाई देगा। इस बार की कहानी में उत्तर-पूर्व भारत और अंतरराष्ट्रीय साजिशों को जोड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
जल्द होगी स्ट्रीमिंग, तारीख का इंतज़ार
‘द फैमिली मैन 3’ की स्ट्रीमिंग प्राइम वीडियो पर होगी, लेकिन फिलहाल इसकी रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि सीरीज 2025 के अंत तक या 2026 की शुरुआत में ओटीटी पर दस्तक दे सकती है।
यह भी पढ़ें: बड़ी खबर: ट्रेन का किराया 1 जुलाई से बढ़ जाएगा
‘द फैमिली मैन’ के पहले दो सीजन ने दर्शकों के बीच जो लोकप्रियता और विश्वास हासिल किया, उसने इस फ्रेंचाइज़ी को भारत की सबसे सफल वेब सीरीज़ में शामिल कर दिया है। अब तीसरे सीजन से दर्शकों की उम्मीदें और भी अधिक हैं, और पोस्टर देखकर लग रहा है कि मेकर्स ने एक बार फिर फैंस को निराश नहीं किया है।









