रेल यात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। भारतीय रेलवे आगामी 1 जुलाई 2025 से नया किराया टैरिफ लागू करने जा रहा है। जिसके बाद ट्रेन का किराया बढ़ जाएगा। यह नया सिस्टम आम यात्रियों से लेकर लंबी दूरी तय करने वालों तक, कई कैटेगिरी में असर डालेगा। हालांकि, कुछ विशेष श्रेणियों को रेलवे ने राहत भी दी है।
द्वितीय श्रेणी यात्रियों को 500 किलोमीटर तक राहत
रेलवे के अनुसार, सामान्य द्वितीय श्रेणी (Second Class) के यात्रियों के लिए 500 किलोमीटर तक की यात्रा पर किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। लेकिन 500 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर यात्रियों को प्रति किलोमीटर 0.50 पैसा अतिरिक्त चुकाना होगा।
मेल/एक्सप्रेस (Non-AC) ट्रेनों में हल्की बढ़ोतरी
जो यात्री मेल या एक्सप्रेस ट्रेनों में नॉन-AC डिब्बों में सफर करते हैं, उन्हें अब प्रति किलोमीटर 1 पैसा अधिक देना होगा। हालांकि यह बढ़ोतरी मामूली है, लेकिन लंबी दूरी की यात्राओं में इसका असर जेब पर जरूर महसूस होगा।
AC डिब्बों में सबसे ज़्यादा वृद्धि
AC कोच में सफर करने वाले यात्रियों के लिए सबसे बड़ी बढ़ोतरी की गई है। अब उन्हें प्रति किलोमीटर 2 पैसे ज्यादा चुकाने होंगे। इससे लंबे रूट की प्रीमियम श्रेणियों में टिकट की कीमत में स्पष्ट अंतर दिखेगा।
शहरी ट्रेनों और मासिक पास में राहत
रेलवे ने शहरी उपनगरीय (Suburban) ट्रेनों के किराए को जस का तस रखा है। इससे रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी। इसके अलावा, मासिक सीजन टिकट (MST) की दरों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
टिकट कन्फर्मेशन सिस्टम में बड़ा बदलाव
रेलवे सिर्फ किराया ही नहीं, बल्कि टिकट कन्फर्मेशन के नियमों में भी बदलाव ला रहा है। अभी तक यात्रियों को यह पता यात्रा से करीब 4 घंटे पहले ही चलता है कि टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं।
अब रेलवे एक नए सिस्टम पर काम कर रहा है, जिसके तहत कन्फर्म टिकटों की जानकारी यात्रा से 24 घंटे पहले दी जाएगी। इससे यात्रियों को योजना बनाने और वैकल्पिक व्यवस्था करने में मदद मिलेगी।
बीकानेर डिविजन में शुरू हुआ ट्रायल
रेलवे ने इस नए सिस्टम का 6 जून से राजस्थान के बीकानेर डिविजन में ट्रायल शुरू किया है। शुरुआत में इसे एक ट्रेन पर लागू किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अब तक ट्रायल में कोई तकनीकी दिक्कत नहीं आई है। कुछ हफ्तों के भीतर इस सिस्टम को अन्य ज़ोन में भी विस्तार देने की योजना है।
यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत को अनुशासनहीनता के लिए ICC की फटकार, मिली ये सजा
1 जुलाई से रेलवे में कई बदलाव यात्रियों का अनुभव बदल सकते हैं। जहां कुछ श्रेणियों के किराए में मामूली बढ़ोतरी की गई है, वहीं दैनिक यात्रियों और मासिक पासधारकों को राहत दी गई है। साथ ही टिकट कन्फर्मेशन प्रणाली में सुधार से यात्रियों को पहले से तैयारी करने का अवसर मिलेगा।








