प्रतीक यादव के निधन के बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत की वजह सामने आ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, शरीर में खून का थक्का बनने और फेफड़ों में संक्रमण के कारण उन्हें कार्डिएक अरेस्ट हुआ, जिससे उनकी जान चली गई।
डॉक्टरों की शुरुआती जांच में पता चला है कि शरीर के निचले हिस्से से खून का थक्का ऊपर की ओर पहुंचा, जिसके बाद फेफड़ों की नसों में रुकावट पैदा हुई। इससे सांस लेने की प्रक्रिया और दिल की धड़कन अचानक बंद हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?
रिपोर्ट के अनुसार, फेफड़ों की नसों में ब्लड क्लॉट जमा होने से गंभीर स्थिति पैदा हुई। मेडिकल टीम ने आगे की जांच के लिए दिल और फेफड़ों से जुड़े कुछ नमूनों को सुरक्षित रखा है।
इसके अलावा, शरीर के कुछ अंगों के विसरा सैंपल भी रासायनिक परीक्षण के लिए संरक्षित कर पुलिस को सौंप दिए गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि विस्तृत विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत से जुड़ी अन्य परिस्थितियां और स्पष्ट हो सकेंगी।
पोस्टमार्टम में यह भी बताया गया है कि शरीर पर मिले चोट के निशान मौत से पहले के थे।
बुधवार सुबह हुआ था निधन
38 वर्षीय प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया था। उन्हें सुबह करीब 5 बजे लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के निदेशक जीसी गुप्ता ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
अखिलेश यादव पहुंचे मॉर्चरी हाउस
भाई के निधन की खबर मिलते ही अखिलेश यादव किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के मॉर्चरी हाउस पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने गहरा दुख जताते हुए कहा कि प्रतीक बेहद अच्छे इंसान थे और उन्हें पहले भी अपनी सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी गई थी।
यह भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला: इन फसलों का MSP बढ़ा
प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के बेटे थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी की नेता और महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।









