दक्षिण अमेरिका के वेनेज़ुएला में अचानक हुए तेज धमाकों ने पूरे देश और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। राजधानी कराकास समेत कई जगहों पर विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसियों के मुताबिक, ये घटनाएं केवल कराकास तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि समुद्र तटीय शहर मैक्वेटिया के पास स्थित ला गुआइरा पोर्ट क्षेत्र में भी आग और विस्फोट की खबरें सामने आई हैं।
ला गुआइरा इलाका रणनीतिक रूप से काफी अहम माना जाता है, क्योंकि यहां प्रमुख बंदरगाह और हवाई गतिविधियां संचालित होती हैं। धमाकों के बाद हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि वेनेज़ुएला के ऊपर का हवाई क्षेत्र लगभग खाली नजर आया। सुरक्षा कारणों से कई विमानों ने अपने रास्ते बदल लिए, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी असर पड़ा।
अमेरिका ने अपने विमानों पर लगाई रोक
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमेरिका ने बड़ा सुरक्षा कदम उठाया है। अमेरिकी फेडरल एविएशन अथॉरिटी (FAA) ने अपने सभी नागरिक विमानों को वेनेज़ुएला के एयरस्पेस में प्रवेश न करने का निर्देश जारी किया है। नोटिस में संभावित सुरक्षा जोखिमों का हवाला दिया गया है। हालांकि यह पाबंदी अमेरिकी सैन्य विमानों और हेलीकॉप्टरों पर लागू नहीं होगी। इस फैसले से संकेत मिलता है कि अमेरिका मौजूदा हालात को बेहद संवेदनशील मान रहा है।
कोलंबिया के राष्ट्रपति ने जताई चिंता
वेनेज़ुएला में हुए धमाकों को लेकर कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि कराकास पर बमबारी हो रही है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सतर्क रहने की जरूरत है। उनके अनुसार मिसाइलों के जरिए हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ अमेरिकन स्टेट्स और संयुक्त राष्ट्र से तत्काल आपात बैठक बुलाने की अपील की है, ताकि हालात पर चर्चा कर जरूरी कदम उठाए जा सकें।
यह भी पढ़ें: एक्साइज ड्यूटी बढ़ते ही LIC को लगा 11 हजार करोड़ का झटका
बढ़ सकता है क्षेत्रीय तनाव
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अगर राजधानी कराकास पर हमले की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो इसका असर पूरे लैटिन अमेरिका पर पड़ सकता है। पहले से आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों से जूझ रहे वेनेज़ुएला में ऐसी घटनाएं क्षेत्रीय अस्थिरता को और गहरा कर सकती हैं। फिलहाल वेनेज़ुएला सरकार की ओर से किसी सैन्य हमले या बमबारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन पड़ोसी देशों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाओं से हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है।









