कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा को लेकर एक निजी लेकिन अहम खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, रेहान वाड्रा ने अपनी लंबे समय से दोस्त और साथी अवीवा बेग को विवाह का प्रस्ताव दिया है, जिसे अवीवा ने स्वीकार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब सात वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और साथ हैं।
सूत्रों की मानें तो इस रिश्ते को लेकर दोनों परिवारों ने अपनी सहमति दे दी है। अवीवा बेग का परिवार दिल्ली में रहता है और वे कला एवं रचनात्मक क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं।
शादी की तारीख अभी तय नहीं
रेहान और अवीवा की शादी को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि विवाह की तारीख दोनों परिवार आपसी बातचीत और सुविधानुसार तय करेंगे।
कौन हैं अवीवा बेग
अवीवा बेग पेशे से फोटोग्राफर हैं और कला जगत में उनकी पहचान तेजी से बनी है। बीते कुछ वर्षों में उन्होंने कई चर्चित कला प्रदर्शनियों में अपने काम को प्रस्तुत किया है। 2023 में उन्होंने मेथड गैलरी के साथ “यू कैनॉट मिस दिस” प्रदर्शनी में हिस्सा लिया, जिसे इंडिया आर्ट फेयर के यंग कलेक्टर प्रोग्राम के तहत भी प्रदर्शित किया गया। इससे पहले 2019 में द क्वोरम क्लब में आयोजित “द इल्यूज़री वर्ल्ड” और 2018 में इंडिया डिजाइन आईडी (के2 इंडिया) में भी उनकी फोटोग्राफी प्रदर्शित हो चुकी है।

अवीवा, फोटोग्राफिक स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी ‘एटेलियर 11’ की सह-संस्थापक भी हैं, जो देश की कई एजेंसियों और ब्रांड्स के साथ काम कर रही है।
वायनाड से सांसद हैं प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी वर्तमान में केरल की वायनाड लोकसभा सीट से सांसद हैं। उन्होंने उपचुनाव में जीत हासिल की थी। चुनाव के दौरान उन्होंने अपने और अपने पति रॉबर्ट वाड्रा की संपत्तियों का विवरण हलफनामे के जरिए सार्वजनिक किया था।
रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति का विवरण
हलफनामे के अनुसार, रॉबर्ट वाड्रा की कुल संपत्ति करीब 65.54 करोड़ रुपये है। इसमें लगभग 37.9 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 27.64 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। साथ ही उनके नाम पर करीब 10 करोड़ रुपये की देनदारियां भी दर्ज हैं। उनके पास सीमित नकद राशि और विभिन्न बैंकों में जमा धनराशि के अलावा कई बड़े ऋण भी बताए गए हैं।
यह भी पढ़ें: सेना की ताकत बढ़ाने को 79 हजार करोड़ की खरीद की मंजूरी
कारोबारी हैं रॉबर्ट वाड्रा
रॉबर्ट वाड्रा व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और उनका हैंडीक्राफ्ट व कस्टम ज्वेलरी का कारोबार है। उनकी कंपनी ‘आर्टेक्स एक्सपोर्ट्स’ के नाम से जानी जाती है। इसके अलावा वे रियल एस्टेट क्षेत्र और अन्य कंपनियों में निवेश के जरिए भी सक्रिय हैं। उन्हें महंगी गाड़ियों का शौक है और उनके पास कई लग्ज़री वाहन बताए जाते हैं।








