भारतीय रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम बदलाव किया गया है। अब ट्रेनों में कन्फर्म टिकट का स्टेटस जानने के लिए आखिरी समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। रेलवे बोर्ड ने रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने की समय-सीमा में संशोधन करते हुए इसे पहले से ज्यादा पहले जारी करने का फैसला लिया है।
अब तक यात्रियों को अक्सर इस असमंजस में रहना पड़ता था कि उनका वेटिंग या RAC टिकट कन्फर्म होगा या नहीं। कई बार लोग बैग पैक कर स्टेशन पहुंच जाते थे और चार्ट बनने के बाद टिकट कन्फर्म न होने पर निराश होकर वापस लौटना पड़ता था। इस परेशानी को कम करने के लिए रेलवे ने यह कदम उठाया है।
अब कब तैयार होगा रिजर्वेशन चार्ट
रेलवे बोर्ड के नए निर्देशों के अनुसार, किसी भी ट्रेन का रिजर्वेशन चार्ट अब कम से कम 10 घंटे पहले फाइनल कर दिया जाएगा। पहले यह चार्ट ट्रेन के रवाना होने से चार घंटे पहले बनता था, जिसे बाद में बढ़ाया गया था। अब इस समय-सीमा को और बेहतर कर दिया गया है, ताकि यात्रियों को पहले ही अपनी टिकट स्थिति की जानकारी मिल सके।
ट्रेनों के समय के हिसाब से बदला नियम
नए नियम के तहत जो ट्रेनें सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच रवाना होती हैं, उनका पहला रिजर्वेशन चार्ट एक दिन पहले शाम 8 बजे तक तैयार कर लिया जाएगा। पहले यह चार्ट शाम 9 बजे बनाया जाता था।
वहीं जो ट्रेनें दोपहर 2 बजे के बाद और अगली सुबह 5 बजे से पहले चलती हैं, उनके लिए रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से कम से कम 10 घंटे पहले तैयार किया जाएगा। पहले इस श्रेणी की ट्रेनों के लिए यह समय 8 घंटे का था।
यात्रियों को क्या होगा फायदा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस बदलाव से सबसे ज्यादा लाभ वेटिंग और RAC टिकट वाले यात्रियों को मिलेगा। अब उन्हें पहले ही यह पता चल जाएगा कि टिकट कन्फर्म हुआ है या नहीं, जिससे वे समय रहते वैकल्पिक योजना बना सकेंगे। इससे बेवजह स्टेशन जाने और आखिरी वक्त की भागदौड़ से भी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें: कौन है प्रशांत वीर? IPL नीलामी में इतिहास रचने वाले, जिसे CSK ने खरीदा
रेलवे ने इस फैसले की जानकारी अपनी आईटी इकाई क्रिस (CRIS) को दे दी है और इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उम्मीद है कि इस बदलाव से रेल यात्रा का अनुभव यात्रियों के लिए और सुविधाजनक बनेगा।









