इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर IPL के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने उन्हें 14.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में अपनी टीम में शामिल किया। नीलामी के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद और CSK के बीच जोरदार बिडिंग वॉर देखने को मिला, जिसमें अंततः चेन्नई ने बाज़ी मार ली।
प्रशांत वीर बाएं हाथ के ऑफ-स्पिन गेंदबाज हैं और निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी करने की क्षमता रखते हैं। रवींद्र जडेजा के राजस्थान रॉयल्स में ट्रेड होने के बाद CSK एक ऐसे खिलाड़ी की तलाश में थी जो ऑलराउंड भूमिका निभा सके, और टीम की नजरें प्रशांत वीर पर टिक गईं।
जडेजा के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है प्रशांत
CSK प्रबंधन प्रशांत वीर को रवींद्र जडेजा के संभावित विकल्प के रूप में देख रहा है। जडेजा के संजू सैमसन से जुड़ी ट्रेड डील के तहत राजस्थान रॉयल्स में जाने के बाद चेन्नई के लिए यह खालीपन भरना जरूरी था। प्रशांत की गेंदबाजी के साथ-साथ उपयोगी बल्लेबाजी ने उन्हें इस भूमिका के लिए मजबूत दावेदार बना दिया।
कौन हैं प्रशांत वीर
20 वर्षीय प्रशांत वीर उत्तर प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं, फैंस और फ्रेंचाइजियों का ध्यान खींचा। उन्होंने अब तक इस टूर्नामेंट में 7 मुकाबलों में 9 विकेट झटके हैं और जरूरत पड़ने पर बल्ले से भी अहम योगदान दिया है।
बिहार के खिलाफ 46 रन और जम्मू-कश्मीर के विरुद्ध 37 रनों की तेज पारी ने उनकी बल्लेबाजी क्षमता को भी उजागर किया। गेंद और बल्ले दोनों से प्रभाव छोड़ने की यही काबिलियत उन्हें नीलामी का बड़ा आकर्षण बना गई।
यूपी टी20 लीग से मिली पहचान
प्रशांत वीर को पहली बड़ी पहचान यूपी टी20 लीग में मिली, जहां उन्होंने नोएडा सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उनके खेल से प्रभावित होकर CSK मैनेजमेंट ने उन्हें ट्रायल के लिए बुलाया, जिसमें उन्होंने सभी को प्रभावित किया। इसी का नतीजा रहा कि नीलामी में चेन्नई ने उन पर रिकॉर्डतोड़ दांव लगाया।
टी20 करियर के आंकड़े
अब तक अपने टी20 करियर में प्रशांत वीर 9 मैचों में गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में योगदान दे चुके हैं। वह 167 के आक्रामक स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 40 रन है। सीमित अनुभव के बावजूद उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास ने उन्हें IPL जैसे बड़े मंच तक पहुंचा दिया है।
यह भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के बीच अस्पताल में भर्ती
अब सभी की नजरें इस युवा खिलाड़ी पर होंगी कि क्या वह IPL में भी उसी अंदाज में चमक बिखेर पाते हैं, जैसा उन्होंने घरेलू क्रिकेट में दिखाया है।









