युवा भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को मंगलवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया। वह पुणे में राजस्थान के खिलाफ सुपर लीग ग्रुप बी के मुकाबले में मुंबई की ओर से खेल रहे थे। दिन के समय पेट में तेज दर्द और ऐंठन की शिकायत के बाद उन्हें आदित्य बिरला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर गैस्ट्रोएंटेराइटिस से पीड़ित बताया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, जायसवाल को पूरे मैच के दौरान पेट में तकलीफ महसूस हो रही थी, लेकिन उन्होंने इसके बावजूद मैदान पर उतरकर बल्लेबाजी की। मैच समाप्त होने के बाद उनकी हालत और बिगड़ गई, जिसके चलते तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा। वहां उनका अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन किया गया और आवश्यक चिकित्सा सहायता दी गई। फिलहाल उन्हें दवाइयों के साथ आराम करने की सलाह दी गई है।
23 वर्षीय बल्लेबाज ने इस मुकाबले में 16 गेंदों पर 15 रन बनाए। हालांकि वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन मुंबई की टीम ने इसके बावजूद 217 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार जीत दर्ज की।
रहाणे और सरफराज की धमाकेदार बल्लेबाजी
मैच में मुंबई की जीत के हीरो अजिंक्य रहाणे और सरफराज खान रहे। रहाणे ने संयमित अंदाज में 41 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाए, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं सरफराज खान ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 22 गेंदों में 73 रन ठोक दिए। उनकी पारी में सात छक्के और छह चौके देखने को मिले।
दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 111 रनों की तेज साझेदारी हुई, जिसने मुकाबले का रुख पूरी तरह मुंबई की ओर मोड़ दिया। हालांकि सरफराज को मानव सुथार ने आउट कर दिया, जिनका गेंदबाजी प्रदर्शन 4 ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट रहा।
अंकोलेकर का अहम योगदान
सरफराज के आउट होने के बाद मुंबई की पारी लड़खड़ाई और लगातार विकेट गिरते रहे। अंगकृष रघुवंशी, साईराज पाटिल, सूर्यांश शेडगे और कप्तान शार्दुल ठाकुर बड़ी भूमिका नहीं निभा सके। ऐसे मुश्किल समय में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अथर्व अंकोलेकर ने नौ गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेलकर टीम को फिर से मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
अंत में रहाणे ने शम्स मुलानी के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज पार कराई। मुंबई ने 11 गेंद शेष रहते तीन विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़ें: पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त, इन किसानों को नहीं मिलेगा लाभ
इस जीत के साथ मौजूदा चैंपियन मुंबई ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की, जबकि यशस्वी जायसवाल की सेहत पर अब टीम प्रबंधन और प्रशंसकों की नजरें टिकी हुई हैं।









