पीएम किसान योजना देश के छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक सहारा बनी हुई है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को साल में तीन बार 2-2 हजार रुपये, यानी कुल 6,000 रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे जाते हैं। यह रकम खेती से जुड़ी बुनियादी जरूरतों जैसे बीज, खाद और कीटनाशकों के खर्च में मदद करती है।
अब किसानों की निगाहें योजना की 22वीं किस्त पर टिकी हुई हैं। पिछली 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को जारी की गई थी, जिसका लाभ देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों को मिला। इसके बाद से ही नए साल में अगली किस्त जारी होने को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि फरवरी 2026 के अंत तक किसानों को अगली किस्त मिल सकती है।
इन कारणों से अटक सकती है 22वीं किस्त
सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि योजना से जुड़ी शर्तें पूरी न करने पर लाभ रोका जा सकता है। ऐसे में कुछ अहम वजहें हैं, जिनके चलते किसानों के खाते में पैसा नहीं पहुंचेगा—
- e-KYC अधूरी होने पर
जिन किसानों ने अब तक e-KYC प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें अगली किस्त का लाभ नहीं मिलेगा। e-KYC को अनिवार्य कर दिया गया है। - आधार-बैंक लिंक न होना
योजना की राशि DBT के जरिए भेजी जाती है। यदि बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है या DBT सेवा सक्रिय नहीं है, तो भुगतान रुक सकता है। - बैंक विवरण में गलती
अकाउंट नंबर, IFSC कोड या बैंक नाम में मामूली गलती भी किस्त अटकने की वजह बन सकती है। - लाभार्थी सूची से नाम हटना
दस्तावेज अपडेट न होने या जानकारी में गड़बड़ी के कारण कई बार नाम लाभार्थी सूची से हट जाता है। - फार्मर रजिस्ट्री न होना
अब सरकार फार्मर रजिस्ट्री को भी जरूरी बना रही है। आगे सिर्फ पंजीकृत किसानों को ही योजना का लाभ मिलेगा।
घर बैठे ऐसे करें स्टेटस की जांच
किसान अपने मोबाइल या कंप्यूटर से pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाकर योजना से जुड़ी जानकारी आसानी से देख सकते हैं। यहां Beneficiary Status के विकल्प में जाकर भुगतान की स्थिति, आधार-बैंक लिंकिंग और लाभार्थी सूची में नाम की पुष्टि की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: नेशनल हेराल्ड केस में राउज एवेन्यू कोर्ट का बड़ा फैसला
सरकार की ओर से 22वीं किस्त की तारीख भले ही घोषित न हुई हो, लेकिन किसानों के लिए यही सही समय है कि वे e-KYC पूरी कर लें, बैंक और आधार की जानकारी जांच लें और फार्मर रजिस्ट्री करवा लें। इससे जैसे ही किस्त जारी होगी, 2,000 रुपये बिना किसी रुकावट के सीधे खाते में पहुंच जाएंगे।









