Man shot dead in Gurugram: गुरुग्राम से एक चौंकाने वाली खबर आ रही है। गुरुग्राम के सेक्टर 77 में अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर ज़ोमैटो और ब्लिंकिट डिलीवरी एजेंट की टी-शर्ट में आए थे।
मृतक की पहचान रोहित शौकीन (40) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के कमरुद्दीन नगर का रहने वाला था। रोहित किसी काम से गुरुग्राम आया था और रात करीब 9 बजे के आसपास उल्लावास मार्केट के पास अपनी कार के बाहर खड़ा था। तभी ज़ोमैटो और ब्लिंकिट जैसी डिलीवरी कंपनियों की टी-शर्ट पहने हुए बाइक सवार दो हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- एक हाथी के लिए महाराष्ट्र सरकार ने क्यों बुलाई हाई लेवल मीटिंग, Boycott Jio से क्या है कनेक्शन?
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने 7 से अधिक गोलियां चलाई, जिनमें से कुछ रोहित को लगीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या का कारण: संपत्ति विवाद
रोहित के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हत्या के पीछे एक पुराना संपत्ति विवाद हो सकता है। शिकायत में कहा गया कि रोहित पेशे से प्रॉपर्टी डीलर था।
रोहित के भाई ने कहा, ‘सोमवार को रोहित ने मुझसे कार मांगी थी नोएडा जाने के लिए। रात करीब 8:57 बजे मेरे चचेरे भाई ने फोन कर बताया कि रोहित को गोली मार दी गई है। हम तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उसकी कार खड़ी थी और सड़क पर खून पड़ा था। पुलिस उसे सरकारी अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया।’









