ओडिशा में, बालासोर ज़िले के फ़कीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय की एक छात्रा ने एक सहायक प्रोफ़ेसर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए परिसर के अंदर खुद को आग लगा ली थी। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) भुवनेश्वर ने इलाज के दौरान छात्रा की मौत की खबर दी है।
20 वर्षीय छात्रा बालासोर स्थित फकीर मोहन स्वायत्त कॉलेज में बी.एड. की पढ़ाई कर रही थी। उसने अपने विभागाध्यक्ष द्वारा किए जा रहे कथित यौन उत्पीड़न की कई बार शिकायत की थी, लेकिन कॉलेज प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने के चलते उसने कॉलेज परिसर में खुद को आग लगा ली। आनन-फानन में छात्रा को अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़ें- Breaking: सेंट थॉमस स्कूल और DU के सेंट स्टीफन कॉलेज को मिली बम से उड़ाने की धमकी
AIIMS भुवनेश्वर के बर्न सेंटर विभाग ने एक बयान में कहा कि छात्रा को 12 जुलाई को बालासोर जिला मुख्यालय अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद यहां लाया गया था। उसे यथासंभव सभी गहन चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की गईं, जिसमें मैकेनिकल वेंटिलेशन, IV सपोर्ट, एंटीबायोटिक्स और किडनी थेरेपी शामिल थीं। लेकिन 14 जुलाई की देर रात उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल की तरफ से ‘छात्रा को 14 जुलाई रात 11:46 बजे क्लिनिकली मृत घोषित किया गया,’
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘एफएम स्वायत्त कॉलेज की छात्रा की मृत्यु की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ है। सरकार की ओर से सभी ज़िम्मेदारियों को पूरा करने और विशेषज्ञ मेडिकल टीम की अथक कोशिशों के बावजूद, हम उसकी जान नहीं बचा सके।’









