बिहार चुनाव से पहले एक बड़ी खबर आ रही है। खबर है कि, दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की ममेरी बहन दिव्या गौतम अब राजनीति में कदम रखने जा रही हैं। दिव्या बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आज़माने की तैयारी कर चुकी हैं। वह महागठबंधन की ओर से पटना की दीघा विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगी। भाकपा (माले) ने उन्हें इस सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है। दिव्या 15 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
नामांकन से पहले अपने भाई सुशांत सिंह राजपूत को याद करते हुए भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा, ‘सुशांत सिंह राजपूत अपने काम की वजह से एक पहचान बने थे, न कि भाई-भतीजावाद या नेपोटिज्म की वजह से। मैंने उनसे सीखा कि इंसान को अपने पैशन के लिए जीना चाहिए और यही बात आज भी मुझे प्रेरित करती है। मैं थिएटर इसलिए करती हूं क्योंकि सुशांत ने मुझे इस दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।’
यह भी पढ़ें- जुबिली हिल्स उपचुनाव: SST टीम ने बरामद किया 25 लाख रुपये कैश, चुनाव नियमों की उड़ी धज्जियां
सुशांत की मौत पर बोलते हुए दिव्या ने कहा, ‘सुशांत सिंह राजपूत के साथ न्याय हुआ या नहीं, इसका फैसला जनता करेगी।’
2020 में 34 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए सुशांत
सुशांत सिंह राजपूत फिल्मों में आने से पहले टीवी पर बेहद लोकप्रिय चेहरा थे। ज़ी टीवी के शो पवित्र रिश्ता से उन्हें घर-घर में पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया में भी सफलता हासिल की और दर्शकों के दिलों पर राज किया। अपने छोटे से फिल्मी करियर में उन्होंने बेहतरीन काम किया और लाखों फैन बनाए। 2020 में उनकी अचानक मौत की खबर ने पूरे देश को झकझोर दिया था। आज भी उनके फैन्स उन्हें प्यार और सम्मान के साथ याद करते हैं।









