भोपाल की मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस आरोपी को सुरक्षा के बीच कोर्ट लेकर पहुंची और पेशी से पहले उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
भोपाल लाकर कोर्ट में किया गया पेश
समर्थ सिंह को भोपाल के जेपी अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। बताया जा रहा है कि अब पुलिस मामले से जुड़े कई अहम पहलुओं पर उससे पूछताछ करेगी।
पुलिस उसके पासपोर्ट को भी जब्त करने की तैयारी में है ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सके। वहीं समर्थ के वकील ने अदालत में कहा कि उनका मुवक्किल जांच में सहयोग करने के लिए तैयार है।
10 दिन बाद पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से समर्थ सिंह फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था।
शुक्रवार को वह जबलपुर जिला अदालत पहुंचा, जहां उसने सरेंडर किया। इसके बाद जबलपुर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर भोपाल पुलिस को सौंप दिया। शनिवार को उसे भोपाल लाकर कोर्ट में पेश किया गया।
परिवार ने सरेंडर पर उठाए सवाल
ट्विशा शर्मा के परिवार ने समर्थ सिंह के सरेंडर को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। मृतका के जीजा सौरभ शर्मा ने कहा कि जिस व्यक्ति पर इनाम घोषित हो, वह सीधे कोर्ट तक कैसे पहुंच गया। उनका कहना है कि आरोपी को थाने में जाकर आत्मसमर्पण करना चाहिए था।
वहीं ट्विशा के चचेरे भाई आशीष शर्मा ने आरोप लगाया कि पूरे मामले में कार्रवाई काफी देर से हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले की सीबीआई जांच जल्द शुरू होगी और सच्चाई सामने आएगी।
दोबारा पोस्टमार्टम को मिल चुकी है मंजूरी
इस मामले में हाल ही में हाई कोर्ट ने ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दी है। अदालत ने शव को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए हैं। परिजन लगातार निष्पक्ष जांच और सबूतों की दोबारा जांच की मांग कर रहे हैं।
12 मई को संदिग्ध हालात में मिली थी लाश
ट्विशा शर्मा 12 मई की रात भोपाल स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। पुलिस के अनुसार उनका शव घर की छत पर रस्सी से लटका मिला था।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: तय हुआ क्वालीफायर-1 का मुकाबला, जानिए कब और कहां भिड़ेंगी RCB और गुजरात
13 मई को एम्स भोपाल में पोस्टमार्टम किया गया था, जिसमें मौत की वजह फांसी बताई गई थी। हालांकि परिवार ने इस रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है।









