New rules from October 1: हर महीने की शुरुआत की तरह, 1 अक्टूबर 2025 से कई बड़े नियम और सुधार लागू होने जा रहे हैं, जो सीधे आम लोगों की ज़िंदगी और जेब पर असर डालेंगे। इनमें राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) सुधार, रेलवे टिकट बुकिंग के नए नियम, EPF की नई सुविधाएं, एलपीजी की कीमतें, और यहां तक कि UPI ट्रांज़ैक्शन से जुड़े बदलाव शामिल हैं।
राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) में बड़ा सुधार
सबसे अहम बदलाव NPS में होगा। पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) मल्टिपल स्कीम फ्रेमवर्क (MSF) लॉन्च करने जा रही है। अब गैर-सरकारी कर्मचारी, कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स और गिग वर्कर्स एक ही PAN नंबर से कई स्कीमों में निवेश कर सकेंगे। पहले निवेशक केवल एक स्कीम चुन सकते थे।
अब लोग अपने लक्ष्य और जोखिम उठाने की क्षमता के हिसाब से बैलेंस्ड, डेट और 100% इक्विटी स्कीम में निवेश कर पाएंगे।
यह भी पढ़ें- 1 अक्टूबर से सिर्फ ये लोग ही कर पाएंगे ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग, जान लें नए नियम
रेलवे टिकट बुकिंग का नया नियम
भारतीय रेलवे 1 अक्टूबर से ऑनलाइन रिज़र्वेशन के लिए नया नियम लागू करेगा। टिकट बुकिंग के शुरुआती 15 मिनट केवल उन्हीं यात्रियों के लिए होंगे जिनके IRCTC अकाउंट आधार से लिंक और पूरी तरह से वेरिफ़ाइड होंगे। यह कदम दलालों और टिकटिंग एजेंटों पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है।
एलपीजी सिलेंडर की कीमतें
हर महीने की तरह, 1 अक्टूबर से LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव होगा। सितंबर में दाम ₹1631.50 से घटकर ₹1580 हो गए थे। बाज़ार की स्थिति के अनुसार अक्टूबर में भी कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
EPF सब्सक्राइबर्स के लिए खुशखबरी
अक्टूबर में EPF से जुड़ा बड़ा अपडेट आ सकता है। 10-11 अक्टूबर को होने वाली बैठक में यह चर्चा होगी कि PF खाते से सीधे ATM के ज़रिए पैसे निकाले जा सकें।
न्यूनतम पेंशन
न्यूनतम पेंशन ₹1000 से बढ़ाकर ₹1500-₹2500 तक करने का प्रस्ताव भी है।
EPFO 3.0
इसके अलावा EPFO 3.0 डिजिटल प्लेटफॉर्म इसी महीने लॉन्च हो सकता है।
UPI नियमों में बदलाव
डिजिटल पेमेंट सुरक्षा बढ़ाने के लिए NPCI 1 अक्टूबर से UPI का “Collect Request” या “Pull Transaction” फीचर बंद करने जा रहा है। यह फीचर गूगल पे, फोनपे जैसे ऐप्स पर किसी से पैसे माँगने की सुविधा देता था।
इसे ऑनलाइन फ्रॉड और फ़िशिंग रोकने के लिए हटाया जा रहा है।
ऑनलाइन गेमिंग पर सख़्ती
1 अक्टूबर से ऑनलाइन गेमिंग की दुनिया में भी बड़े बदलाव होंगे। सरकार ने गेमिंग कंपनियों, बैंकों और अन्य पक्षों से चर्चा के बाद नए नियम तैयार किए हैं। इसका मकसद गेमिंग को सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है, ताकि खिलाड़ियों को धोखाधड़ी से बचाया जा सके और कंपनियों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।
इन सभी बड़े बदलावों से साफ है कि 1 अक्टूबर 2025 आम भारतीयों की दिनचर्या, आर्थिक योजना और डिजिटल लेन-देन में एक अहम मोड़ साबित होगा।









