उत्तराखंड पंचायत चुनाव की प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो चुकी है। राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बार कुल 66,418 पदों पर चुनाव की अधिसूचना जारी की थी, जिनमें ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य शामिल थे। इनमें से 22,429 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि 32,907 पद विभिन्न कारणों से रिक्त रह गए। शेष 11,082 पदों के लिए दो चरणों में मतदान कराया गया, जिसमें 32,580 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
इस बार खास बात यह रही कि आयोग ने पहली बार अपनी वेबसाइट पर सभी नतीजों को सार्वजनिक किया, जिसमें प्रत्याशियों के नाम, प्राप्त मतों की संख्या और खारिज मतों का विवरण भी शामिल था। यह कदम पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
रुद्रप्रयाग जिले की सभी 18 जिला पंचायत सीटों के परिणाम घोषित
रुद्रप्रयाग जनपद में जिला पंचायत की सभी 18 सीटों के नतीजे आ चुके हैं, जिनमें से 9 पर महिलाओं ने जीत दर्ज की है। इनमें कंडाली से निर्मला बहुगुणा, सुमाड़ी से किरण नौटियाल, सिल्लाबामण गांव से विमला देवी, भीरी से किरण देवी, खांकरा से पूनम देवी, कालीमठ से सरोज देवी, स्यूर से रितु आलोक नेगी, परकंडी से प्रीति देवी और बजीरा से विमला देवी विजयी रहीं। यह परिणाम जिले में महिला नेतृत्व की बढ़ती भूमिका को दर्शाते हैं।
अन्य जिलों के आंशिक परिणाम
- देहरादून (30 सीटों में से 7 घोषित):
भाजपा समर्थित 6, कांग्रेस समर्थित 1, निर्दलीय 0 - उत्तरकाशी (15 में से 5 सीट घोषित):
भाजपा समर्थित 5, कांग्रेस और निर्दलीय को कोई सीट नहीं - पौड़ी (38 में से 6 सीट घोषित):
भाजपा और कांग्रेस के बीच बराबरी – 3-3 - टिहरी (45 में से 17 सीट घोषित):
भाजपा 3, कांग्रेस 6, निर्दलीय 8
युवा महिलाओं की ऐतिहासिक जीत
उत्तरकाशी जिले के जखोल वार्ड से जिला पंचायत की सीट पर 24 वर्षीय रविना रावत ने शानदार जीत दर्ज की, वहीं सौड़ गांव से 25 वर्षीय अंजना रावत ने ग्राम प्रधान पद पर अपने दोनों प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से हराकर जीत हासिल की। अंजना को जहां 258 वोट मिले, वहीं शेष दो उम्मीदवारों को 89 और 34 वोट ही प्राप्त हुए। रविना रावत ने भी 1,500 से अधिक मतों के अंतर से विजय प्राप्त की। दोनों युवतियां राजनीतिक परिवारों से ताल्लुक रखती हैं, और उनकी जीत को गांवों में नई पीढ़ी के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
चमोली में दो वोट से रोमांचक जीत
चमोली के देवाल क्षेत्र में नलधूरा वार्ड से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला। उर्वी दत्त और राहुल को शुरू में बराबर 184 वोट मिले। इसके बाद हुई रिकाउंटिंग में उर्वी दत्त ने दो मतों से जीत दर्ज की। मतगणना प्रक्रिया देर रात तक चली और परिणामों ने लोगों को देर रात तक बांधे रखा।
यह भी पढ़ें: रम्मी खेलने वाले मंत्री माणिकराव कोकाटे को खेल मंत्री बनाया गया
इस बार के पंचायत चुनाव में महिलाओं, युवाओं और निर्दलीयों की भागीदारी ने विशेष आकर्षण बटोरा। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से परिणामों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए की गई पहल को व्यापक सराहना मिल रही है। राज्य में अब पंचायत प्रतिनिधियों से स्थानीय विकास की नई उम्मीदें जुड़ गई हैं।








