देश के नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार को चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर बताया कि उपराष्ट्रपति पद के लिए 9 सितंबर 2025 को मतदान कराया जाएगा। यह चुनाव ऐसे समय में हो रहा है जब पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बीते 21 जुलाई को अचानक अपने पद से इस्तीफा देकर राजनीतिक हलकों को चौंका दिया था।
चुनाव आयोग के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 21 अगस्त तय की गई है। नामांकन प्रक्रिया 7 अगस्त से शुरू होकर 21 अगस्त तक चलेगी। उम्मीदवारों द्वारा भरे गए नामांकन पत्रों की जांच 22 अगस्त को की जाएगी, और नाम वापसी की आखिरी तारीख 24 अगस्त होगी।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान प्रक्रिया 9 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इसके बाद वोटों की गिनती की जाएगी और उसी दिन परिणाम की घोषणा की संभावना है। चुनाव की पूरी प्रक्रिया 11 सितंबर तक पूरी कर ली जाएगी।

गौरतलब है कि भारत का उपराष्ट्रपति राज्यसभा का सभापति भी होता है, इसलिए यह पद केवल संवैधानिक ही नहीं, बल्कि संसदीय व्यवस्था में भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। अब राजनीतिक दलों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि एनडीए और विपक्षी गठबंधन INDIA किन चेहरों को मैदान में उतारते हैं।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड पंचायत चुनाव: मतगणना जारी, शाम तक होगी तस्वीर साफ
धनखड़ का इस्तीफा अब तक रहस्य बना हुआ है, क्योंकि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया था, लेकिन सियासी गलियारों में इसके पीछे कई कयास लगाए जा रहे हैं। अब देखना यह है कि देश का अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा, और यह चुनाव किस ओर करवट लेता है।









