भारत के घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी की शुरुआत इस बार जबरदस्त रोमांच के साथ हुई है। टूर्नामेंट के पहले ही दिन भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े नाम विराट कोहली और रोहित शर्मा अपने-अपने राज्यों के लिए मैदान पर उतरे और शानदार पारियों से सुर्खियां बटोरीं।
दिल्ली की ओर से खेलते हुए विराट कोहली ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ बेहतरीन शतक जड़ा। 299 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट ने सिर्फ 83 गेंदों में सेंचुरी पूरी की। उन्होंने अपनी पारी में आकर्षक चौके-छक्कों के जरिए रन बटोरे और एक बार फिर ‘चेज़ मास्टर’ की पहचान को सही साबित किया। खबर लिखे जाने तक विराट 107 रन बनाकर नाबाद थे और दिल्ली को जीत के लिए 79 रनों की जरूरत थी।
वहीं मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने जयपुर में खेले गए मुकाबले में सिक्किम के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी की। 237 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने महज 71 गेंदों में शतक ठोक दिया। इसके बाद उन्होंने रफ्तार और तेज कर दी और 94 गेंदों में 155 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 18 चौके और 9 छक्के निकले। रोहित के आउट होने तक मुंबई की जीत लगभग तय हो चुकी थी और टीम ने मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया। हिटमैन को देखने के लिए स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
विराट कोहली का ऐतिहासिक मुकाम
इस मुकाबले में विराट कोहली ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। दिल्ली के लिए खेलते हुए जैसे ही उन्होंने पहला रन बनाया, वैसे ही लिस्ट ए क्रिकेट में उनके 16 हजार रन पूरे हो गए। इससे पहले विराट 342 लिस्ट ए मैचों में 15,999 रन बना चुके थे। वह यह आंकड़ा छूने वाले सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही विराट दुनिया के उन चुनिंदा नौ बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में 16 हजार या उससे ज्यादा रन बनाए हैं।
लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ग्राहम गूच के नाम है, जिनके खाते में 22 हजार से ज्यादा रन दर्ज हैं। गौरतलब है कि घरेलू 50 ओवर के मुकाबले और वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों के रन लिस्ट ए क्रिकेट में शामिल किए जाते हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो के विस्तार को मिली हरी झंडी, 12 हजार करोड़ से बनेगी नई लाइन
विजय हजारे ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबलों में ही विराट और रोहित जैसी पारियों ने यह संकेत दे दिया है कि इस बार घरेलू टूर्नामेंट में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का रोमांच देखने को मिलेगा।









