War 2 Movie: मोस्ट अवेटेड फिल्म वॉर-2 के रिलीज से पहले ही बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन का एक स्टेटमेंट वायरल हो रहा है। बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान जूनियर एनटीआर की जमकर तारीफ की और कहा कि वह डांस सीक्वेंस को बेहद सहजता से निभाते हैं।
यह कार्यक्रम श्रीलंका में हुआ, जहां ऋतिक ने मंच पर जूनियर एनटीआर के डांसिंग टैलेंट की सराहना की। दोनों सुपरस्टार्स आगामी एक्शन फिल्म ‘वॉर 2’ में एक-दूसरे के आमने-सामने नजर आएंगे, जो 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
यह भी पढ़ें- बच्चे को सिर पर रख मां-पिता ने पार किया बाढ़ का पानी, याद आई वासुदेव और कृष्ण की कहानी
ऋतिक ने ‘आरआरआर’ स्टार की डांसिंग स्किल्स की तारीफ करते हुए कहा, ‘जूनियर एनटीआर के लिए जोरदार तालियां बजाइए, दोस्तों। वह कमाल हैं; मेरा मतलब है, वह इंसान सचमुच एक चैम्पियन हैं। वह पहले को-एक्टर हैं जिनके साथ मैंने काम किया है और जिन्हें डांस करते वक्त रिहर्सल की जरूरत नहीं पड़ती। यह बिल्कुल अविश्वसनीय है कि हर स्टेप मानो उनके अंदर पहले से मौजूद हो।’ ऋतिक ने कहा कि वह जूनियर एनटीआर की इस प्रतिभा से पूरी तरह हैरान रह गए।
ऋतिक ने फिर फिल्म में उनके बीच होने वाले डांस बैटल की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘हां, हमारे पास एक गाना है जिसमें… मैं कहूंगा कि यह किसी तरह का डांस-ऑफ है। लेकिन हां, उनके साथ काम करना मेरे लिए एक अद्भुत अनुभव रहा। जिसने मुझे बहुत कुछ सिखाया है, जिसे अब मैं अपनी जिंदगी में शामिल करूंगा।’
इवेंट से एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ऋतिक ‘वॉर 2’ के म्यूजिक एल्बम के लेटेस्ट सॉन्ग ‘आवन जावन’ पर डांस करते नजर आ रहे हैं। यह गाना 31 जुलाई को कियारा आडवाणी के 34वें जन्मदिन के मौके पर रिलीज हुआ था और इसमें ऋतिक के साथ कियारा भी नजर आ रही हैं।
‘वॉर’ का सीक्वल
‘वॉर 2’ का निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया है और इसका निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है। यह 2019 में रिलीज हुई हिट फिल्म ‘वॉर’ का सीक्वल है। फिल्म में जूनियर एनटीआर विलेन की भूमिका में होंगे, जबकि फिल्म में कई बड़े सितारे नजर आएंगे। यह फिल्म 14 अगस्त को हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में वर्ल्डवाइड रिलीज होगी और सिनेमाघरों में रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कुली’ से टकराएगी।









