भारत के प्रतिभाशाली बल्लेबाज सरफराज खान को भारत ए और साउथ अफ्रीका ए के बीच होने वाली आगामी सीरीज से बाहर किए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। उनके चयन न होने पर न केवल क्रिकेट प्रशंसकों में नाराजगी देखी जा रही है, बल्कि अब यह मामला राजनीतिक रंग भी ले चुका है। कांग्रेस और AIMIM ने सरफराज की अनदेखी को लेकर बीसीसीआई और कोच गौतम गंभीर पर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस ने उठाया ‘सरनेम’ का मुद्दा
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद ने इस मसले को धार्मिक पहचान से जोड़ते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “क्या सरफराज को उनके सरनेम की वजह से नहीं चुना गया… बस पूछ रही हूं। हम जानते हैं कि गौतम गंभीर इस मामले में क्या सोचते हैं?”
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई और क्रिकेट चयन प्रक्रिया पर धार्मिक पूर्वाग्रह के आरोप लगने लगे।
अतुल वासन ने किया कांग्रेस के आरोपों को खारिज
पूर्व भारतीय क्रिकेटर अतुल वासन ने कांग्रेस के बयान को बेबुनियाद और भ्रामक बताया। एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “सरफराज को लेकर जरूर चयन में सवाल उठ सकते हैं, लेकिन इसमें धर्म का कोण जोड़ना सरासर गलत है। भारतीय क्रिकेट हमेशा से प्रतिभा आधारित चयन पर टिका रहा है। सरफराज को मौका मिलना चाहिए, लेकिन कांग्रेस का यह आरोप बेतुका है।”

ओवैसी ने भी किया बीसीसीआई से सवाल
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी बीसीसीआई पर सवाल उठाते हुए कहा कि, “सरफराज खान को आखिर क्यों बाहर किया गया? उन्होंने पिछली बार इंडिया ए के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। क्या प्रदर्शन अब मायने नहीं रखता?”
उन्होंने सरफराज की फिटनेस और मेहनत का भी जिक्र किया, जिसमें बल्लेबाज ने हाल ही में 17 किलो वजन घटाकर खुद को फिट किया और अपनी तकनीक को और धार दी।
सरफराज का प्रदर्शन और आंकड़े
सरफराज खान ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड दौरे पर इंडिया ए की ओर से खेलते हुए कैंटरबरी में 92 रन की शानदार पारी खेली थी। इससे पहले, उन्होंने भारत के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू में 150 रन की पारी खेलकर सबको प्रभावित किया था।
इसके बावजूद, हाल ही में घोषित भारत ए टीम में उनका नाम नहीं होने पर फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञ बीसीसीआई की चयन प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं।
पंत की वापसी और सीरीज की जानकारी
भारत ए बनाम साउथ अफ्रीका ए के बीच सीरीज के लिए ऋषभ पंत की कप्तानी में टीम की घोषणा की गई है। पंत इस सीरीज से लंबे ब्रेक के बाद वापसी कर रहे हैं। दोनों मैच बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जाएंगे।
यह भी पढ़ें: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आठवें वेतन आयोग पर आया बड़ा अपडेट
सरफराज खान को टीम में जगह न मिलना अब सिर्फ चयन विवाद नहीं, बल्कि सियासी मुद्दा बन गया है। जहां एक ओर राजनीतिक दल इसे धार्मिक भेदभाव का मामला बता रहे हैं, वहीं क्रिकेट विशेषज्ञ इसे सिर्फ चयन नीति की पारदर्शिता से जोड़कर देख रहे हैं।









