भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए वनडे क्रिकेट में कप्तानी की बागडोर अब युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल को सौंप दी है। यह फैसला तब आया है जब रोहित शर्मा के नेतृत्व में भारत ने मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। इस फैसले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है और सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है — क्या रोहित ने खुद कप्तानी छोड़ी है या उन्हें हटाया गया है?
कप्तानी को लेकर स्थिति साफ नहीं
BCCI की ओर से इस पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं आई है, लेकिन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के बयान से यह संकेत जरूर मिला कि यह बदलाव चयन समिति का निर्णय है, न कि रोहित का व्यक्तिगत फैसला। अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “यह चयन समिति और रोहित के बीच की बात है। उन्हें फैसले की जानकारी दे दी गई है।”
2027 वर्ल्ड कप की योजना?
जब पूछा गया कि क्या रोहित और विराट 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक खेलेंगे, तो अगरकर ने टालते हुए कहा, “फिलहाल वे इस फॉर्मेट में खेल रहे हैं और चयनित भी हुए हैं। लेकिन 2027 की बात करना अभी जल्दबाज़ी होगी।”
अगरकर ने यह भी स्पष्ट किया कि तीन फॉर्मेट के लिए तीन अलग कप्तान रखना व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने कहा, “वनडे क्रिकेट अब बहुत कम खेला जाता है, ऐसे में नए कप्तान को समय देना जरूरी है ताकि वह खुद को इस भूमिका में ढाल सके और रणनीति बना सके।”
भारत की वनडे टीम में रोहित और विराट बरकरार
गौर करने वाली बात यह है कि भले ही रोहित से कप्तानी ली गई हो, लेकिन वह और विराट कोहली दोनों ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर को इस तीन मैचों की सीरीज के लिए उपकप्तान नियुक्त किया गया है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे टीम इस प्रकार है:
- शुभमन गिल (कप्तान)
- रोहित शर्मा
- विराट कोहली
- श्रेयस अय्यर (उपकप्तान)
- अक्षर पटेल
- केएल राहुल (विकेटकीपर)
- नितीश कुमार रेड्डी
- वाशिंगटन सुंदर
- कुलदीप यादव
- हर्षित राणा
- मोहम्मद सिराज
- अर्शदीप सिंह
- प्रसिद्ध कृष्णा
- ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)
- यशस्वी जायसवाल
क्या ये बदलाव आने वाले बदलावों की शुरुआत है?
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने हाल के वर्षों में कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं, लेकिन अब चयन समिति ने स्पष्ट कर दिया है कि वह भविष्य की तैयारी कर रही है। शुभमन गिल को वनडे कप्तानी सौंपना इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: मुंबई एयरपोर्ट पर दीपिका पादुकोण-रणबीर कपूर सालों बाद मिले
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या रोहित शर्मा केवल खिलाड़ी के रूप में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे या निकट भविष्य में वह सीमित ओवरों के क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला करेंगे।









