देश में गैस की कमी को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। लोकसभा में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश में पर्याप्त एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं और सरकार ब्लैक मार्केटिंग को रोकने के लिए सख्त कदम उठा रही है।
LPG बुकिंग के लिए नई समय-सीमा
मंत्री ने बताया कि गैस वितरण को संतुलित बनाए रखने के लिए नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में दूसरा एलपीजी सिलेंडर 45 दिन बाद और शहरी इलाकों में 25 दिन बाद बुक किया जा सकेगा। सरकार का कहना है कि इस कदम से सभी उपभोक्ताओं तक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
भारत की क्रूड सप्लाई सुरक्षित
लोकसभा में चर्चा के दौरान हरदीप पुरी ने कहा कि वैश्विक ऊर्जा बाजार इस समय असामान्य परिस्थितियों से गुजर रहा है, लेकिन भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि पहले भारत का लगभग 45 प्रतिशत क्रूड ऑयल आयात स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते होता था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सक्रिय कूटनीति के कारण भारत ने वैकल्पिक स्रोतों से भी पर्याप्त मात्रा में कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित कर ली है।
LPG उत्पादन में 28% की बढ़ोतरी
पेट्रोलियम मंत्री ने बताया कि हाल के दिनों में रिफाइनरियों के निर्देश पर एलपीजी उत्पादन में लगभग 28 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार से अतिरिक्त खरीद भी की जा रही है ताकि देश में किसी तरह की कमी न हो।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि देश के करीब 33 करोड़ परिवारों की रसोई प्रभावित न हो, खासकर गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लोगों को गैस की नियमित आपूर्ति मिलती रहे।
संसद में उठा मुद्दा
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि कई जगहों पर घबराहट का माहौल है और छोटे कारोबारियों तथा रेस्टोरेंट संचालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अफवाहों से बचने की अपील
इस पर जवाब देते हुए हरदीप पुरी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक ऊर्जा संकट के समय अफवाहें फैलाना उचित नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार घरेलू उपयोग और कृषि जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए गैस की आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।
यह भी पढ़ें: आरक्षण: सुप्रीम कोर्ट का OBC क्रीमी लेयर पर बड़ा फैसला
सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी की उपलब्धता पर्याप्त है और वितरण प्रणाली को मजबूत बनाकर किसी भी संभावित संकट से निपटने की तैयारी की जा रही है।








