Nepal Gen Z Protest: नेपाल में Gen-Z आंदोलन हिंसक होता जा रहा है। मंगलवार, 9 सितंबर को नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने कथित भ्रष्टाचार को लेकर काठमांडू में भड़के हिंसक प्रदर्शनों के बीच मंगलवार को इस्तीफा दे दिया। ओली ने उस समय पद छोड़ दिया जब सैकड़ों प्रदर्शनकारी उनके कार्यालय में घुस गए और सरकार विरोधी नारे लगाने लगे।
एयरपोर्ट बंद, नेताओं के भागने की अटकलें
स्थिति को देखते हुए काठमांडू का त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद कर दिया गया। सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं और सुरक्षा बलों ने हवाई अड्डे को घेर लिया। इस दौरान अफवाहें थीं कि शीर्ष नेता देश छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। काठमांडू पोस्ट ने इसे अभूतपूर्व और गंभीर परिस्थितियां बताते हुए रिपोर्ट किया।
यह भी पढ़ें- नेपाल के पूर्व PM और विदेश मंत्री के साथ हाथापाई, लहूलुहान बहादुर देउबा की हालत गंभीर
विद्रोह की जड़ें: भ्रष्टाचार और सेंसरशिप
हालांकि इस आंदोलन की सीधी वजह हाल ही में लगाया गया और फिर हटाया गया सोशल मीडिया प्रतिबंध था, लेकिन इसकी जड़ें इससे कहीं गहरी हैं। वर्षों से चले आ रहे भ्रष्टाचार, युवाओं की अनदेखी और पारंपरिक राजनीतिक दलों से मोहभंग ने माहौल को विस्फोटक बना दिया है।
प्रदर्शन आयोजकों ने राजनीतिक दलों और उनकी युवा इकाइयों को भाग लेने से साफ मना कर दिया था। उन्होंने इस आंदोलन को Gen-Z पीढ़ी की जनता की क्रांति करार दिया।
कई लोग इसे नेपाल की युवा पीढ़ी का निर्णायक राजनीतिक क्षण मान रहे हैं, जो पारदर्शिता, सुधार और दशकों से चले आ रहे राजनीतिक ठहराव से आज़ादी की मांग कर रहे हैं।









