इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अगले सीजन की शुरुआत भले ही अभी दूर हो, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस की निगाहें एक ही नाम पर टिकी हैं—महेंद्र सिंह धोनी। पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम को खिताब दिला चुके धोनी के अगले सीजन में खेलने को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। हालांकि, धोनी ने खुद यह स्पष्ट कर दिया है कि वह अभी कोई अंतिम फैसला नहीं ले रहे हैं।
दिसंबर में होगा धोनी का फैसला
हाल ही में एक इवेंट के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वे IPL 2026 में खेलेंगे, तो धोनी ने कहा, “मुझे नहीं पता कि मैं खेलूंगा या नहीं। मेरे पास निर्णय लेने के लिए दिसंबर तक का समय है। अभी मैं कुछ महीने और इंतजार करूंगा, उसके बाद ही कोई फैसला लूंगा।”
धोनी ने यह भी माना कि उनके घुटनों की स्थिति अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं है। इसी को लेकर एक फैन ने जब जोर से कहा—”आपको खेलना होगा, सर”—तो धोनी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “घुटने में जो दर्द होता है उसका केयर कौन करेगा?”
IPL 2023 में कराई थी घुटने की सर्जरी
गौरतलब है कि आईपीएल 2023 की खिताबी जीत के बाद धोनी ने मुंबई में अपने घुटने की सर्जरी कराई थी। इसके बाद वह 2024 और 2025 के सीजन में मैदान पर लौटे, लेकिन ज्यादातर मुकाबलों में उन्हें निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए देखा गया। सर्जरी के बाद उनकी रनिंग भी सीमित हो गई थी, जिससे यह साफ हो गया कि धोनी अपनी फिटनेस को लेकर सतर्क हैं।

कप्तानी की जिम्मेदारी फिर संभाली थी
IPL 2025 में जब सीएसके के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोट के चलते सीजन के बीच में बाहर हो गए थे, तब धोनी ने एक बार फिर टीम की कमान संभाली थी। हालांकि, इस बार उनका जादू नहीं चल पाया और चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही।
2026 के लिए रणनीति पर काम शुरू
आईपीएल 2026 को लेकर सीएसके ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। चेन्नई में धोनी और ऋतुराज गायकवाड़ टीम मैनेजमेंट के साथ मिलकर आगामी सीजन की रणनीति पर मंथन कर रहे हैं। फैंस को उम्मीद है कि धोनी एक बार फिर मैदान में उतरेंगे, लेकिन फिलहाल सबकुछ दिसंबर में होने वाले उनके फैसले पर निर्भर है।
यह भी पढ़ें: एशिया कप में इन खिलाड़ियों के खेलने पर संशय
एमएस धोनी भले ही क्रिकेट के मैदान से धीरे-धीरे दूरी बना रहे हों, लेकिन उनकी मौजूदगी आज भी आईपीएल के रोमांच और सीएसके की रणनीति का अहम हिस्सा है। उनका खेलना या न खेलना केवल एक खिलाड़ी का फैसला नहीं, बल्कि लाखों फैंस की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बन चुका है। अब सभी की नजरें दिसंबर पर टिकी हैं—जब ‘कैप्टन कूल’ अपना अंतिम फैसला सुनाएंगे।









