भारत में होने जा रही अब तक की सबसे बड़ी पैरा खेल प्रतियोगिता वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 – के लिए तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। इसी कड़ी में आज राजधानी के शांगरी-ला एरोस होटल में आयोजित एक भव्य समारोह में पैरा ओलंपिक समिति (PCI) ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए मेडल्स और थीम सॉन्ग ‘उड़ान भर’ का शानदार अनावरण किया।
पारंपरिक भारतीय कला और समावेशिता की झलक
नव-डिजाइन किए गए इन मेडल्स में भारतीय विरासत, पैरा खेलों की भावना और एथलेटिक उत्कृष्टता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मेडल के सामने वाले हिस्से पर पारंपरिक भारतीय कलाओं से प्रेरित बारीक नक्काशी की गई है, जिसमें व्हीलचेयर रेसर, डिस्कस थ्रोअर और भारत के राष्ट्रीय पुष्प कमल के प्रतीक उकेरे गए हैं। वहीं पीछले हिस्से में ब्रेल में “New Delhi 2025” लिखा गया है, जो समावेशिता की मिसाल पेश करता है। साथ ही कमल से प्रेरित पैटर्न और आधुनिक ज्यामितीय डिज़ाइन इसे और खास बनाते हैं। नीले रंग के आकर्षक रिबन के साथ ये मेडल खेल भावना, संस्कृति और सभी के लिए पहुंच को दर्शाते हैं।

‘उड़ान भर’ ने भरी जोश की उड़ान
मेडल अनावरण के दौरान समारोह में थीम सॉन्ग ‘उड़ान भर’ भी लॉन्च किया गया। इस जोशीले गीत में रैप के आधुनिक तड़के के साथ देश की पैरा खेल प्रतिभा की झलक दिखाई गई है। पोलारिस प्रोडक्शन द्वारा निर्मित और पैरा ओलंपिक समिति के सहयोग से प्रस्तुत यह वीडियो न सिर्फ गीत-संगीत का उत्कृष्ट नमूना है, बल्कि यह पैरा एथलीट्स की संघर्ष, प्रेरणा और जज्बे की कहानी भी बयां करता है।
भारत में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर आयोजन
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 27 सितंबर से 5 अक्टूबर 2025 तक आयोजित होगी, जिसमें 104 देशों से आए 2,200 से अधिक एथलीट और सहयोगी स्टाफ हिस्सा लेंगे। कुल 186 मेडल स्पर्धाओं के साथ यह भारत में अब तक की सबसे बड़ी पैरा खेल प्रतियोगिता बनने जा रही है।
उम्मीदों और गर्व का प्रतीक
इस आयोजन को लेकर ना सिर्फ एथलीट्स में उत्साह है, बल्कि भारत के लिए यह एक गौरव का क्षण है। यह पहली बार है जब भारत इतनी बड़ी अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेज़बानी कर रहा है। PCI अध्यक्ष, आयोजकों और प्रतिभागियों ने इस ऐतिहासिक मौके को लेकर अपना उत्साह और गर्व जाहिर किया।









