India Weather Today: देश में मानसून ने दस्तक दे दी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल खूब बरस रहे हैं।हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में मंगलवार तक कुल 80 लोगों की मौत हो चुकी है। जिनमें से 52 मौतें सीधे तौर पर भूस्खलन, बादल फटने और फ्लैश फ्लड जैसी आपदाओं से जुड़ी हैं, जबकि 28 मौतें सड़क हादसों सहित अन्य कारणों से हुई हैं। यह जानकारी राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) के हवाले से मिली है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस आपदा में 128 लोग घायल हुए हैं, 320 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं और 38 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, 10,254 मवेशियों और मुर्गियों की मौत हुई है तथा सार्वजनिक ढांचे को करीब 69,265.60 लाख का नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें- 26/11 मुंबई हमला: आतंकी तहव्वुर राणा ने कुबूला, ‘मैं PAK सेना का भरोसेमंद एजेंट था’
कोलकाता में जलजमाव, पश्चिम बंगाल में बारिश का दौर जारी
इधर, पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में मंगलवार सुबह भारी बारिश के चलते कोलकाता के कई इलाकों में जलजमाव देखा गया। श्यामबाजार, उल्टाडांगा, ढाकुरिया, बालीगंज, बेहाला, EM बायपास के कुछ हिस्से, साल्ट लेक का सेक्टर-5 और हावड़ा के कुछ हिस्से जलभराव से प्रभावित रहे।
IMD (भारत मौसम विज्ञान विभाग) ने पूरे क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है।
दिल्ली में बारिश और आंधी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी
दिल्ली में मंगलवार को बारिश और गरज के साथ आंधी की संभावना के चलते ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है।
IMD के अनुसार, मंगलवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और दिन में मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान के 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
बता दें कि ‘येलो अलर्ट’ का अर्थ है, लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है क्योंकि मौसम का असर जनजीवन पर पड़ सकता है।








