बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इससे पहले 6 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग हो चुकी थी। दोनों चरणों की मतदान प्रक्रिया पूरी होते ही अब पूरा ध्यान एग्जिट पोल के नतीजों पर केंद्रित हो गया है। प्रमुख सर्वे एजेंसियों के ताज़ा आंकड़ों में एनडीए गठबंधन को बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि इंडिया गठबंधन (महागठबंधन) ने भी मजबूत प्रदर्शन किया है।
IANS-मैट्रिज सर्वे:
इस सर्वे के मुताबिक एनडीए को 147 से 167 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि इंडिया गठबंधन को 70 से 90 सीटें मिल सकती हैं। अन्य दलों को 2 से 6 सीटों के बीच सिमटते हुए देखा गया है। वोट शेयर के लिहाज से एनडीए को 48%, महागठबंधन को 37% और अन्य को 15% वोट मिलने की संभावना जताई गई है।
दलवार आंकड़ों में बीजेपी को 65-73, जेडीयू को 67-75, लोजपा को 7-9, हम (जीतन राम मांझी) को 4-5 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को 1-2 सीटें मिल सकती हैं।
चाणक्य स्ट्रैटिजीज सर्वे:
इस एजेंसी ने भी मुकाबले को दिलचस्प बताया है। सर्वे के अनुसार एनडीए को 130-138 सीटें, महागठबंधन को 100-108 और अन्य को 3-5 सीटें मिल सकती हैं। इस सर्वे में बीजेपी को 70-75, जेडीयू को 52-57, लोजपा को 14-19 सीटें मिलती दिख रही हैं।
महागठबंधन में राजद को 75-80, कांग्रेस को 17-23, वामदलों को 10-16 और वीआईपी को 7-9 सीटें मिलने का अनुमान है।
पोलस्टार्ट सर्वे:
पोलस्टार्ट के आंकड़ों में भी एनडीए को बढ़त दिखाई दे रही है। एनडीए को 133-148, महागठबंधन को 87-102 और अन्य को 3-5 सीटें मिल सकती हैं। इसमें बीजेपी को 68-72, जेडीयू को 55-60, लोजपा रामविलास को 9-12 सीटें मिलने का अनुमान है।
इस सर्वे के अनुसार एनडीए को कुल 45%, महागठबंधन को 40% और अन्य को 15% वोट मिल सकते हैं।
पोल डायरी और प्रजा पोल के अनुमान:
पोल डायरी के अनुसार एनडीए को भारी बढ़त के साथ 184-209 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि महागठबंधन 32-49 सीटों तक सीमित रह सकता है। बीजेपी को 87-95, जेडीयू को 81-89 और लोजपा रामविलास को 12-16 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं प्रजा पोल ने एनडीए को 186, महागठबंधन को 50 और अन्य को 7 सीटें दी हैं।
टीआईएफ रिसर्च सर्वे:
टीआईएफ रिसर्च के मुताबिक भी एनडीए को स्पष्ट बढ़त दिख रही है। सर्वे में एनडीए को 145-163, महागठबंधन को 76-95 और अन्य को 3-6 सीटें मिलने का अनुमान है। इस रिपोर्ट के अनुसार राजद को 61-73, कांग्रेस को 9-13 और अन्य को 6-12 सीटें मिल सकती हैं।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा
कुल मिलाकर सभी प्रमुख एग्जिट पोलों में एनडीए गठबंधन को बहुमत के करीब या उससे अधिक सीटें मिलती दिख रही हैं। हालांकि, कुछ सर्वेक्षणों में मुकाबला कड़ा बताया गया है। अब सभी की निगाहें अंतिम नतीजों पर टिकी हैं, जो तय करेंगे कि पटना की सत्ता पर किसका कब्ज़ा होगा — एनडीए या इंडिया गठबंधन।









