भारत में ईस्पोर्ट्स को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई ऑल इंडिया चैंपियनशिप 2026 (ईस्पोर्ट्स) का ग्रैंड फिनाले 30 जुलाई को Vortex Gaming Sanctuary, नोएडा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। नॉकआउट इंडिया द्वारा आयोजित और ईस्पोर्ट्स गेम्स फेडरेशन (ESGF) के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की ओपन चैंपियनशिप में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले 29 जुलाई को आयोजित किए गए, जबकि 30 जुलाई को हुए रोमांचक ग्रैंड फिनाले में देश की सर्वश्रेष्ठ टीमों ने खिताब के लिए मुकाबला किया। टूर्नामेंट का उद्देश्य भारत में प्रतिस्पर्धात्मक ईस्पोर्ट्स को बढ़ावा देना, उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं के लिए नए अवसरों का सृजन करना था।
विजेताओं ने जीता दर्शकों का दिल
कड़े मुकाबलों के बाद टीम VIANSH ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम किया।
चैंपियन – टीम VIANSH
- आदर्श यादव (BDzada)
- तनिष कंसल (BDzKaneki7)
- लक्ष्य बिष्ट (LazyyKrzyy)
- के. अविनिश (NAQSHxExecutor)
- अनुभव (AXExKFCMALAMAL)

प्रतियोगिता में टीम THE OG’S ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए रनर-अप का स्थान हासिल किया।
रनर-अप – टीम THE OG’S
- क्यांश मलिक (KyanshOG)
- कृष मलिक (KrrishOG)
- आदित्य सिद्धांत कैन (AadiOG)
- यथार्थ त्यागी (URwYatharthh09)
- शुभांकर कालरा (URwNYX)

वहीं टीम Silly Esport ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय रनर-अप का स्थान प्राप्त किया।
द्वितीय रनर-अप – टीम Silly Esport
- रोनक गावंड (SLYxYamiii)
- राहुल टोंडवलकर (SLYxMatrix)
- निहाल मोकल (SLYxNihu)
- रणवीरसिंह देशमुख (SLYxRanveer)

युवाओं के लिए बना राष्ट्रीय मंच
“ओपन फॉर ऑल” प्रारूप में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता ने उभरते हुए गेमर्स को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान किया।
भारतीय ईस्पोर्ट्स को मिली नई गति
नॉकआउट इंडिया लगातार स्कूल, कॉलेज और युवा खिलाड़ियों के बीच संगठित ईस्पोर्ट्स संस्कृति विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। वहीं ईस्पोर्ट्स गेम्स फेडरेशन (ESGF) भारत में ईस्पोर्ट्स और माइंड स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से कार्यरत है। ESGF, ग्लोबल ईस्पोर्ट्स फेडरेशन (GEF) और इंटरनेशनल ईस्पोर्ट्स फेडरेशन (IESF) का सदस्य है तथा इंटरनेशनल माइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन (IMSA) से मान्यता प्राप्त है। इसके अतिरिक्त पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (PCI) ने ESGF को भारत में पैरा ईस्पोर्ट्स के विकास और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए अधिकृत किया है।
भारतीय गेमिंग समुदाय के लिए ऐतिहासिक आयोजन
ऑल इंडिया चैंपियनशिप 2026 ने यह साबित किया कि भारत में ईस्पोर्ट्स केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि तेजी से उभरता हुआ प्रतिस्पर्धात्मक खेल और करियर का विकल्प बन चुका है। खिलाड़ियों के उत्साह, दर्शकों की भागीदारी और उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा ने इस आयोजन को देश के प्रमुख ईस्पोर्ट्स टूर्नामेंटों में शामिल कर दिया है।
नॉकआउट इंडिया और ESGF ने सभी खिलाड़ियों, टीमों, कोचों, सहयोगी संस्थाओं, तकनीकी अधिकारियों, स्वयंसेवकों, मीडिया प्रतिनिधियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से ऑल इंडिया चैंपियनशिप 2026 (ईस्पोर्ट्स) का सफल आयोजन संभव हो सका। आयोजकों ने भविष्य में और भी बड़े स्तर पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ईस्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं के आयोजन का संकल्प दोहराया।









