गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में बोलते हुए कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दोषियों को सेना ने ऑपरेशन महादेव के तहत मार गिराया है। उन्होंने जानकारी दी कि इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को पूरी छूट दी गई थी और सेना, सीआरपीएफ तथा जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त प्रयासों से तीनों आतंकियों को ढेर किया गया।

अमित शाह ने कहा कि बैसरन घाटी में जिन आतंकियों ने निर्दोष पर्यटकों पर हमला कर 26 लोगों की जान ली थी, उन सभी को मार गिराया गया है। मारे गए आतंकियों की पहचान सुलेमान, जिबरान और अफजाल के रूप में हुई है। ऑपरेशन के दौरान उनके पास से तीन राइफलें भी बरामद की गईं हैं, जिनमें से वही हथियार शामिल हैं जिनका इस्तेमाल पहलगाम हमले में किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि इस हमले में तीन पाकिस्तानी थें।
यह भी पढ़ें: सैयारा स्टार अनीत पड्डा करने जा रही ओटीटी पर डेब्यू
गृह मंत्री ने संसद को आश्वस्त किया कि सरकार आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सुरक्षा बलों की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह से उन्होंने इस मिशन को अंजाम दिया, वह देशवासियों के भरोसे को मजबूत करता है।









