भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा इस साल रेपो रेट में कुल 1.25 फीसदी की कटौती किए जाने के बाद देश के ज्यादातर बैंकों ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में कमी कर दी है। पर पोस्ट ऑफिस TD में कोई बदलाव नहीं हुआ है। आमतौर पर ऐसा देखा जाता है कि जब RBI रेपो रेट घटाता है, तो बैंकों की FD पर मिलने वाला रिटर्न भी कम हो जाता है और रेपो रेट बढ़ने पर FD के रेट बढ़ाए जाते हैं।
लेकिन पोस्ट ऑफिस की टाइम डिपॉजिट (TD) स्कीम इस नियम से अलग है। पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाओं की ब्याज दरें सीधे केंद्र सरकार तय करती है और इन्हें हर तीन महीने में रिव्यू किया जाता है। इस वजह से रेपो रेट में उतार-चढ़ाव का सीधा असर पोस्ट ऑफिस TD पर नहीं पड़ता। यही कारण है कि सुरक्षित निवेश और निश्चित रिटर्न चाहने वाले निवेशकों के लिए पोस्ट ऑफिस TD अभी भी एक मजबूत विकल्प माना जा रहा है।
पोस्ट ऑफिस TD पर मौजूदा ब्याज दरें
फिलहाल पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट स्कीम में निवेश अवधि के अनुसार 6.9 फीसदी से लेकर 7.5 फीसदी तक का ब्याज दिया जा रहा है। यह स्कीम कामकाज में बैंक FD की तरह ही होती है, जिसमें एक तय अवधि के लिए एकमुश्त रकम जमा की जाती है और मैच्योरिटी पर मूलधन के साथ ब्याज मिलता है।
- 1 साल की TD पर: 6.9%
- 2 साल की TD पर: 7.0%
- 3 साल की TD पर: 7.1%
- 5 साल की TD पर: 7.5%
2 लाख के निवेश पर करीब 90 हजार का ब्याज
अगर कोई निवेशक पोस्ट ऑफिस की 5 साल वाली TD स्कीम में 7.5 फीसदी ब्याज दर पर 2 लाख रुपये निवेश करता है, तो कंपाउंडिंग के साथ मैच्योरिटी पर उसे करीब 89,990 रुपये सिर्फ ब्याज के रूप में मिलते हैं। इस तरह कुल रकम लगभग 2.90 लाख रुपये तक पहुंच जाती है। मौजूदा समय में बहुत कम बैंक ऐसे हैं जो सामान्य FD पर 7.5 फीसदी तक का रिटर्न दे रहे हों। ज्यादातर बैंकों में यह दर 6.5 से 7 फीसदी के बीच सिमटी हुई है।
इस स्कीम की एक और बड़ी खासियत यह है कि 5 साल की पोस्ट ऑफिस TD इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80C के तहत टैक्स छूट के लिए भी पात्र है, जबकि कम अवधि की बैंक FD में यह लाभ नहीं मिलता।
बैंकों ने घटाए FD और लोन रेट
रेपो रेट में कटौती के बाद कई बड़े बैंकों ने भी अपने ब्याज दरों में बदलाव किया है।
- स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI):
SBI ने दिसंबर 2025 से सामान्य ग्राहकों के लिए FD ब्याज दर को 6.45 फीसदी से घटाकर 6.40 फीसदी कर दिया है। सीनियर सिटीजन के लिए यह दर अब 6.90 फीसदी रह गई है। विशेष अमृत वृष्टि FD पर भी ब्याज घटाया गया है। - इंडियन बैंक:
बैंक ने अपना रेपो-लिंक्ड बेंचमार्क लेंडिंग रेट घटाकर 7.95 फीसदी कर दिया है। - ICICI बैंक:
ICICI बैंक अलग-अलग अवधि की FD पर लगभग 2.75 फीसदी से 6.60 फीसदी तक ब्याज दे रहा है, जबकि सीनियर सिटीजन को अधिकतम करीब 7.20 फीसदी का रिटर्न मिल रहा है। - बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB):
BoB ने भी अपना रेपो-लिंक्ड बेंचमार्क लेंडिंग रेट घटाकर 7.90 फीसदी कर दिया है।
यह भी पढ़ें: पेसा कानून से बदली गांवों की तस्वीर, ग्राम सभा बनी बड़ी ताकत
रेपो रेट में कटौती के मौजूदा दौर में जहां बैंक FD का रिटर्न लगातार कम हो रहा है, वहीं पोस्ट ऑफिस TD स्थिर और अपेक्षाकृत ज्यादा ब्याज के साथ निवेशकों को आकर्षित कर रही है। सुरक्षित निवेश, गारंटीड रिटर्न और टैक्स बेनिफिट की तलाश करने वालों के लिए यह स्कीम फिलहाल एक समझदारी भरा विकल्प साबित हो सकती है।







