पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है और पार्टी ने शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुन लिया है। कोलकाता में आयोजित बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का औपचारिक ऐलान किया।
बैठक में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे। सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से शुभेंदु अधिकारी को अपना नेता चुना। इसके साथ ही बंगाल में बीजेपी सरकार बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
जानकारी के अनुसार शुभेंदु अधिकारी 9 मई की सुबह 11 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह दिन बंगाल के लिए खास माना जाता है क्योंकि इसी दिन रवींद्र जयंती भी मनाई जाती है। ऐसे में बीजेपी इस अवसर को राजनीतिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण मान रही है।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि नई सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं, जिससे राज्य में नए जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने की कोशिश होगी।
शुभेंदु अधिकारी का राजनीतिक सफर हाल के वर्षों में काफी चर्चा में रहा है। उन्होंने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराकर राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश दिया था। अब उनके मुख्यमंत्री बनने से बंगाल की राजनीति में नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु: विजय होंगे सीएम, इन पार्टियों का मिला समर्थन
इस बीच राज्यपाल आरएन रवि ने 7 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा भंग करने की अधिसूचना जारी कर दी है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद यह फैसला लिया गया। इसके बाद अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।









