तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके (TVK) को सरकार बनाने के लिए जरूरी समर्थन मिल गया है। वाम दलों और कांग्रेस के समर्थन के बाद अब राज्य में नई सरकार बनने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार CPI, CPM और VCK ने टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया है। इन तीनों दलों के कुल 6 विधायक हैं। वहीं कांग्रेस ने भी अपने 5 विधायकों के साथ विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन को समर्थन देने की घोषणा की है।
टीवीके के पास पहले से 108 सीटें मौजूद हैं। विजय ने खुद दो सीटों पर जीत दर्ज की है, जिससे पार्टी की ताकत मजबूत हुई है। कांग्रेस के समर्थन के बाद गठबंधन का आंकड़ा 113 तक पहुंच गया, जबकि वाम दलों और VCK के समर्थन के बाद यह संख्या बढ़कर 118 हो गई है। ऐसे में बहुमत का जादुई आंकड़ा पार करना अब आसान माना जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है कि विजय जल्द ही सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। जानकारी के मुताबिक उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात के लिए शाम 4:30 बजे का समय मांगा है। हालांकि अभी तक राजभवन की ओर से औपचारिक मंजूरी नहीं मिली है।
इधर, समर्थन देने वाले सभी दलों के नेताओं की शाम 4:30 बजे संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस दौरान गठबंधन की आगे की रणनीति और सरकार गठन को लेकर औपचारिक घोषणा की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: BCCI ने IPL में खेल रहे खिलाड़ियों के लिए बनाए नए नियम जिसमें हनी ट्रैप भी शामिल
तमिलनाडु की राजनीति में विजय की एंट्री को पहले सिर्फ फिल्मी लोकप्रियता तक सीमित माना जा रहा था, लेकिन मौजूदा घटनाक्रम ने साफ कर दिया है कि उन्होंने राज्य की राजनीति में मजबूत पकड़ बना ली है। अब सभी की नजर राज्यपाल के अगले कदम और संभावित सरकार गठन पर टिकी हुई है।









