IND vs PAK controversy: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की उस मांग को औपचारिक रूप से खारिज कर दिया है, जिसमें उसने एशिया कप के दौरान मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को बदलने की अपील की थी।विवाद तब शुरू हुआ जब PCB ने पाइक्रॉफ्ट की भूमिका पर असहमति जताई। उनका आरोप था कि उन्होंने टॉस के दौरान पाकिस्तान कप्तान सलमान अली आगा को भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने से बचने का निर्देश दिया।
हालांकि, ICC ने एक आधिकारिक पत्र के जरिए स्थिति साफ कर दी। रिपोर्ट के अनुसार, दरअसल यह एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अधिकारियों ने पाइक्रॉफ्ट को नो-हैंडशेक पॉलिसी की जानकारी दी थी। इस खुलासे से PCB का यह मानना गलत साबित हुआ कि पाइक्रॉफ्ट भारतीय दबाव में काम कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- BMW एक्सीडेंट केस में आरोपी गगनप्रीत अरेस्ट, इलाज के लिए दूर अस्पताल ले जाने की बताई वजह
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 7 विकेट से जीत दर्ज करने के बाद हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने विजयी रन बनाने के बाद डगआउट लौटकर अपने साथियों के साथ जश्न मनाया। वहीं, पाकिस्तान टीम और कोच माइक हेसन हाथ मिलाने की कोशिश में रहे लेकिन भारतीय टीम का ड्रेसिंग रूम बंद था।
इस घटना के बाद PCB ने पाइक्रॉफ्ट के आचरण पर सवाल उठाते हुए ICC में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। ACC प्रमुख और PCB अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने इसकी पुष्टि की थी।
PCB ने पत्र में लिखा, ‘यह बेहद चिंताजनक है कि एक ICC-नियुक्त और कथित तौर पर निष्पक्ष मैच रेफरी ने ऐसा आचरण किया, जो स्पष्ट रूप से स्पिरिट ऑफ क्रिकेट और MCC लॉज़ का उल्लंघन है। मैच रेफरी अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे, जिसमें उन्हें दोनों टीमों और कप्तानों के बीच सम्मान सुनिश्चित करना था और अपने आचरण से सकारात्मक माहौल बनाना था। इसके बजाय, उनके निर्देशों का उद्देश्य पूरी तरह विपरीत परिणाम पैदा करना था।
यह आचरण ICC कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2 का उल्लंघन है, जो मैच रेफरी को ऐसे आचरण से रोकता है जो खेल की भावना के खिलाफ हो और MCC कानूनों का उल्लंघन करता हो। स्थिति की गंभीरता, राजनीतिक पृष्ठभूमि और दूरगामी प्रभाव को देखते हुए इस आचरण ने खेल की बदनामी भी की है।’









