Asia Cup 2025 schedule India Pak Match: 2025 एशिया कप का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 9 से 28 सितंबर के बीच किया जाएगा, इसकी पुष्टि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन ने शनिवार को सोशल मीडिया पर की।
उन्होंने X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि ACC मेंस एशिया कप 2025 का आयोजन 9 से 28 सितंबर तक UAE में होगा। यह एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है और हमें शानदार क्रिकेट देखने की उम्मीद है।’
पहले रिपोर्ट सामने आई थी कि भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा जा सकता है, जिससे इन चिर-प्रतिद्वंद्वियों के बीच एक बहुप्रतीक्षित मुकाबला होने की संभावना है। यह मुकाबला अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच बढ़े राजनीतिक तनाव के बाद पहली बार होगा।
यह भी पढ़ें- उड़ान भरने के 18 मिनट बाद आसमान में खराब हुआ एयर इंडिया का विमान, जयपुर एयरपोर्ट लौटी
वहीं, खबर है कि भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को मुकाबला होने जा रहा है।
हालांकि पाकिस्तान इस टूर्नामेंट का आधिकारिक मेज़बान है, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पहले ही इस बात पर सहमत हो गया था कि टूर्नामेंट का आयोजन UAE में ही होगा। यह फैसला एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की उस नीति के तहत लिया गया है, जिसमें भारत या पाकिस्तान में जब भी कोई टूर्नामेंट आयोजित होना हो, तो उसे किसी तटस्थ स्थान पर कराया जाता है।
सूत्रों के मुताबिक, दुबई और अबू धाबी को आयोजन स्थलों के रूप में चुना गया है, जो कि अमीरात क्रिकेट बोर्ड के समझौते का हिस्सा है।









