समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को 23 महीने की लंबी जेल यात्रा के बाद 23 सितंबर को आखिरकार रिहाई मिल गई। रिहाई के तुरंत बाद वह अपने बेटे अब्दुल्ला आजम और अदीब आजम के साथ रामपुर के लिए रवाना हो गए। जेल से बाहर आते ही आजम खान के समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया।
शिवपाल यादव ने फैसले का किया स्वागत
आजम खान की रिहाई पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार ने जानबूझकर उन्हें गलत मामलों में फंसाया था, लेकिन अदालत से उन्हें राहत मिली है। उन्होंने न्यायपालिका के इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि समाजवादी पार्टी आजम खान के साथ मजबूती से खड़ी है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से निगरानी
सीतापुर जेल के बाहर भारी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं और आजम समर्थकों की भीड़ जमा हो गई थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। जेल परिसर की निगरानी के लिए ड्रोन का भी सहारा लिया गया।
धारा 163 लागू, माहौल शांतिपूर्ण
आजम खान की रिहाई के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीतापुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू की गई। इसके बावजूद माहौल शांतिपूर्ण बना रहा और कोई बड़ा व्यवधान सामने नहीं आया।
यह भी पढ़ें: एशिया कप: भारत से मात खाने के बाद पाकिस्तान फिर ICC के पास पहुंचा
राजनीतिक सरगर्मियों में उबाल
आजम खान की रिहाई से उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि अब वह फिर से सक्रिय राजनीति में उतर सकते हैं और आगामी चुनावों में समाजवादी पार्टी के लिए रणनीतिक भूमिका निभा सकते हैं।









