“क्रिकेट के भगवान” के नाम से मशहूर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। आईपीएल 2026 के दौरान चर्चा में बने अर्जुन को अब एक और घरेलू टी20 लीग में खेलने का मौका मिल सकता है।
हालांकि अर्जुन इस समय लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं, लेकिन मौजूदा सीजन में उन्हें अब तक प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है। इसी बीच, बीसीसीआई ने उन्हें आगामी टी20 मुंबई लीग के चौथे सीजन की नीलामी में शामिल होने के लिए पात्र घोषित कर दिया है।
गोवा शिफ्ट के बाद नया मौका
अर्जुन पहले मुंबई की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलते थे, लेकिन अब उन्होंने गोवा का रुख कर लिया है और वहीं से रणजी क्रिकेट में हिस्सा ले रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई ने उन्हें टी20 मुंबई लीग में खेलने की अनुमति इसलिए दी है क्योंकि पिछले 12 महीनों में उन्होंने किसी अन्य राज्य स्तरीय टी20 लीग में भाग नहीं लिया है।
2 मई को होगी नीलामी
पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 2 मई को आयोजित की जाएगी। वहीं, टूर्नामेंट जून के पहले पखवाड़े में खेले जाने की संभावना है।
बीसीसीआई के नियम क्या कहते हैं?
बीसीसीआई के दिशानिर्देशों के मुताबिक, किसी भी खिलाड़ी को 12 महीने की अवधि में (आईपीएल को छोड़कर) केवल एक ही राज्य-मान्यता प्राप्त टी20 लीग में खेलने की अनुमति होती है। यह नियम खिलाड़ियों के वर्कलोड को संतुलित रखने और चोटों के जोखिम को कम करने के लिए बनाया गया है।
उदाहरण के तौर पर, यदि कोई खिलाड़ी किसी राज्य टी20 टूर्नामेंट में हिस्सा लेता है जो 31 अगस्त को समाप्त होता है, तो वह अगले साल 1 सितंबर तक किसी अन्य राज्य की टी20 लीग में भाग नहीं ले सकता।
यह भी पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल को लेकर बड़ी राहत, 15 दिन तक मुफ्त सफर का ऐलान
अर्जुन के लिए रास्ता साफ
चूंकि अर्जुन तेंदुलकर ने पिछले एक साल में किसी भी राज्य स्तरीय टी20 लीग में हिस्सा नहीं लिया है, इसलिए उनके लिए इस लीग में खेलने का रास्ता साफ हो गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि नीलामी में कौन-सी टीम उन्हें अपने साथ जोड़ती है और क्या वह इस मंच पर अपनी छाप छोड़ पाते हैं या नहीं।









