बिहार विधानसभा चुनाव के बीच लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के काफिले का विरोध होने की खबर सामने आई है। खोरियारी गांव के एक मतदान केंद्र पर लोगों ने डिप्टी सीएम की गाड़ी को घेर लिया और उस पर पत्थरबाजी और गोबर फेंका। उपमुख्यमंत्री ने इस घटना को आरजेडी समर्थकों की गुंडागर्दी बताया और कहा कि उन्होंने अपने पोलिंग एजेंट को भी धमकाया गया।
डिप्टी सीएम ने कहा, “हम यहीं धरने पर बैठेंगे। यहां का SP और प्रशासन कुछ नहीं कर पा रहे हैं। जब तक मैं हूँ, बिहार में जंगलराज नहीं आने दूंगा।” उन्होंने लखीसराय के एसपी अजय कुमार और डीएम मिथिलेश मिश्रा को स्थिति से अवगत कराया और विशेष बल बुलाने की मांग की।
डीएम मिथिलेश मिश्रा ने कहा कि चुनाव के दौरान हर उम्मीदवार को अपने क्षेत्र में जाने का अधिकार है। “अगर हमें कोई शिकायत मिलती है तो हम उसकी जांच करेंगे। शांति और व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है,” उन्होंने कहा।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि सुबह तक मतदान केंद्र शांतिपूर्ण था, लेकिन डिप्टी सीएम के आने पर कुछ लोग विरोध करने लगे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान, दिग्गजों की साख दांव पर
इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति रही, लेकिन पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।









