Mahagathbandhan Manifesto: महागठबंधन ने मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें कई जनहितकारी और लोकलुभावन वादे किए गए हैं। जिनमें हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक भत्ता, पुरानी पेंशन योजना की बहाली और हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी प्रमुख घोषणां शामिल हैं।
32 पन्नों का यह घोषणा पत्र, ‘बिहार का तेजस्वी प्रण’ (Tejashwi’s Resolve) एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी किया गया, जिसमें 35 वर्षीय राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता और INDIA गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव के साथ गठबंधन दलों के अन्य नेता भी मौजूद थे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि इस घोषणा पत्र में 25 प्रमुख बिंदु शामिल हैं जो बिहार की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम हैं। यह दस्तावेज़, INDIA गठबंधन के संकल्प पत्र 2025 के रूप में जारी किया गया है, जिसका नारा है, ‘संपूर्ण बिहार का, संपूर्ण परिवर्तन, तेजस्वी प्रतिज्ञा, तेजस्वी प्रण।’
यह भी पढ़ें- ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में बिल गेट्स की एंट्री, प्रोमो में स्मृति ईरानी से की गपशप
इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी, और भाकपा (माले) के दिपंकर भट्टाचार्य भी मौजूद रहे।
घोषणा पत्र के मुख्य वादे
रोजगार पर फोकस:
महागठबंधन ने वादा किया है कि सरकार बनने के 20 दिनों के भीतर रोजगार की गारंटी देने वाला नया कानून लाया जाएगा। प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने का संकल्प लिया गया है, और 20 महीनों के भीतर यह प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
साथ ही, सभी संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने और जीविका समूह की महिलाओं को स्थायी सरकारी कर्मचारी बनाकर 30,000 रुपये मासिक वेतन देने का वादा किया गया है।
तेजस्वी यादव ने कहा, ‘सिर्फ सरकार बनानी नहीं है, नया बिहार बनाना है… यह महागठबंधन का बिहार के लिए संकल्प पत्र है।”
महिलाओं और कल्याण योजनाएं
- ‘माई-बहन मान योजना’ के तहत महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह (यानी ₹30,000 सालाना) की सहायता दी जाएगी 1 दिसंबर से शुरू।
- प्रत्येक व्यक्ति के लिए 25 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा।
- विधवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को 1,500 रुपये मासिक पेंशन, जो हर साल 200 रुपये बढ़ाई जाएगी।
- विकलांगजनों को 3,000 रुपये मासिक सहायता।
बिजली और गैस योजनाएं:
- हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली।
- गरीब परिवारों को ₹500 में गैस सिलेंडर।
- खराब स्मार्ट मीटरों से जुड़ी समस्याओं का समाधान और सभी संबंधित मामलों को वापस लेने का वादा।
शिक्षा और सामाजिक सुधार:
- हर उप-मंडल में महिलाओं का कॉलेज और 136 ब्लॉकों में नए डिग्री कॉलेज।
- प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए फीस खत्म और परीक्षा केंद्रों तक मुफ्त यात्रा।
किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए:
- सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी।
- स्थानीय बाजारों और मंडियों का पुनर्जीवन।
दलित, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के लिए कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का वादा।
संविधान और अल्पसंख्यक अधिकार:
महागठबंधन ने कहा कि वह किसी भी “असंवैधानिक कानून” का विरोध करेगा और अल्पसंख्यक समुदायों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करेगा।
वक्फ संशोधन विधेयक को रोकने और वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और जन-हितैषी बनाने की बात कही गई।
बोधगया के बौद्ध मंदिरों का प्रबंधन बौद्ध समुदाय के हाथों में सौंपने की भी घोषणा की गई।
अन्य वादे:
पूर्व सैनिकों के लिए कल्याण निगम की स्थापना। निषेध कानून की समीक्षा, और ताड़ी व महुआ आधारित पारंपरिक व्यवसायों को उसके दायरे से बाहर करने की घोषणा।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, ‘महागठबंधन पहला गठबंधन है जिसने अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार और घोषणा पत्र दोनों की घोषणा की। यह दिखाता है कि बिहार के प्रति कौन गंभीर है।’
वहीं VIP प्रमुख मुकेश सहनी, जिन्हें उपमुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है, ने कहा, ‘अगले 30–35 साल तक हम बिहार की जनता की सेवा में समर्पित रहेंगे। NDA के पास कोई संकल्प नहीं है।’
घोषणा पत्र का समापन बिहार की जनता से इस अपील के साथ किया गया, ‘आइए, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित एक न्यायपूर्ण और नया बिहार बनाएं।’
चुनाव कार्यक्रम:
पहला चरण: 6 नवंबर 2025
दूसरा चरण: 11 नवंबर 2025
मतगणना: 14 नवंबर 2025
महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा और मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। हालाकि, सीटों के बंटवारे को लेकर गठबंधन में कुछ आंतरिक मतभेद बने हुए हैं, और कम से कम 10 सीटों पर “मैत्रीपूर्ण मुकाबला” जारी है।
सीटों का बंटवारा इस प्रकार है
- RJD: 143 सीटें
- कांग्रेस: 61 सीटें
- VIP: 15 सीटें
- वाम दल: 33 सीटें
- इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी: 1 सीट
कुल मिलाकर 243 सीटों के लिए 253 उम्मीदवार उतारे गए हैं, जो गठबंधन के भीतर सीटों की खींचतान और प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है।









