लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने घोषणा पत्र समिति का गठन किया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने घोषणा पत्र समिति का गठन किया है। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह को इस घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को संयोजक और पियूष गोयल को सह – संयोजक बनाया गया है। इस घोषणा पत्र समिति में कुल 27 लोगों को शामिल किया गया है।
घोषणा पत्र समिति में मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री को भी शामिल किया गया है। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, असम के सीएम हिमंता विश्वसरमा, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय, मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव का नाम शामिल है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्रियों की सूची में एमपी के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान के पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का नाम शामिल है।
बीजेपी के घोषणा पत्र समिति के सदस्य के रूप में केंद्रीय मंत्रियों की सूची में राजस्थान से भूपेंद्र यादव, अर्जुन राम मेघवाल, झारखण्ड से अर्जुन मुंडा, अरुणाचल से किरण रिजीजू, ओडिशा से धर्मेंद्र प्रधान, उत्तर प्रदेश से स्मृति ईरानी, कर्नाटक से राजीव चंद्रशेखर का नाम शामिल है।
यह भी पढ़ें: पप्पू यादव दो अप्रैल को पूर्णिया से करेंगे नामांकन, राजद के खाते में गई है यह सीट
इसके अलावा बिहार से पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशिल मोदी, महाराष्ट्र से विनोद तावड़े, दिल्ली से मनजिंदर सिंह सिरसा, हरियाणा से ओपी धनखड़, केरल से अनिल एंटनी का नाम शामिल है।
भारतीय जनता पार्टी ने अबतक लोकसभा उम्मीदवारों की सात सूची जारी की है। इसमें कुल 407 लोकसभा उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है बीजेपी ने अबतक कुल 101 सांसदों के टिकट काटे हैं।