Accident in Deoghar: झारखंड से एक भीषण हादसे की खबर आ रही है। झारखंड के देवघर में बस-ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई जिसमें18 कांवड़ियों की मौत हो गई।
झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बड़ी संख्या में कांवड़ियों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी एक बस गैस सिलेंडरों से लदे एक ट्रक से टकरा गई। यह दुर्घटना सुबह करीब 4:30 बजे मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास हुई।
हालांकि प्रारंभिक रिपोर्टों में मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए, लेकिन देवघर के बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने बताया कि इस हादसे में 18 लोगों की जान गई है।
यह भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर नहीं, ऑपरेशन तंदूर चलाओ: सपा सांसद रमाशंकर राजभर
डुमका जोन के इंस्पेक्टर जनरल शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि यह 32-सीटर कांवड़िया बस थी, जो ट्रक से टकरा गई। उन्होंने शुरू में 5 मौतों की पुष्टि की थी। वहीं, ट्रैफिक डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने कम से कम 9 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी। मृतकों की संख्या में अंतर इस बात की ओर इशारा करता है कि स्थिति लगातार बदल रही है और कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सांसद निशिकांत दुबे ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, ‘मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान, एक बस और ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की जान चली गई।’
स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना प्रभारी प्रिया रंजन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल मोहनपुर के प्रखंड विकास अधिकारी को सूचित किया और दोनों ने मिलकर घायलों को एंबुलेंस से मोहनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि 20 से ज्यादा श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं और आशंका जताई जा रही है कि मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है। प्रशासन ने इस भयानक दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि इसके कारणों का पता लगाया जा सके।









