बिहार की नई सरकार के गठन के करीब दस दिन बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को विधानसभा में अपना बहुमत साबित कर दिया। सदन में विश्वास मत ध्वनिमत से पारित हुआ, जबकि विपक्ष ने मत विभाजन की मांग नहीं की। इस दौरान सत्ता पक्ष के विधायकों ने जोरदार नारेबाजी भी की।
विश्वास मत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री ने सदन को संबोधित करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं और आगामी योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में लगभग 680 करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर का निर्माण कराया जाएगा।
सड़क सुरक्षा पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्घटनाओं के मामलों में पीड़ितों को बेहतर सहायता देने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को बीमा के तहत 4 लाख रुपये के साथ-साथ राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त 4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ब्लॉक स्तर पर मॉडल स्कूल स्थापित करने की दिशा में काम करेगी और जिला स्कूलों को भी व्यवस्थित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रयास होगा, जिससे अधिकारी और जनप्रतिनिधि स्वयं अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने के लिए प्रेरित हों।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि जिलों में ऐसी व्यवस्था विकसित की जाएगी, जहां मरीजों को कुछ दिनों तक रुककर गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके। उच्च शिक्षा के विस्तार पर जोर देते हुए उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में 200 से अधिक डिग्री कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं और इन्हें जल्द ही एक साथ संचालित किया जाएगा। साथ ही हर प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज खोलने की योजना भी सरकार के एजेंडे में शामिल है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के तहत मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में हवाई सेवाओं के विस्तार पर तेजी से काम हो रहा है। पूर्णिया एयरपोर्ट के संचालन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट पहले से चालू है, जबकि फारबिसगंज, सहरसा और बीरपुर में नए एयरपोर्ट विकसित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। किशनगंज में भी हवाई अड्डा विकसित करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री का संदेश: सशक्त पंचायतें, समृद्ध भारत की आधारशिला
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य के कई क्षेत्रों में अभी भी सुधार की आवश्यकता है और सरकार चरणबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने सभी दलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।









