भारत को नया उपराष्ट्रपति मिल गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता और तमिलनाडु से सांसद रहे सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को देश के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में आयोजित एक भव्य समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में देश की शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, सहित कई केंद्रीय मंत्री और गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, एम. वेंकैया नायडू और हामिद अंसारी भी इस अवसर पर मौजूद थे।
राजघाट पर दी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि
शपथ लेने के बाद उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन सीधे राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि बापू के आदर्श हमेशा उनके कार्यों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
कौन हैं सी. पी. राधाकृष्णन?
सी. पी. राधाकृष्णन एक अनुभवी राजनेता हैं। वे भाजपा के प्रमुख चेहरों में से एक रहे हैं और तमिलनाडु से दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। वे पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में भी विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उनकी सादगी, ईमानदारी और दक्षिण भारत में भाजपा को मजबूत करने में भूमिका के लिए वे जाने जाते हैं।
उपराष्ट्रपति का कार्य
भारत के उपराष्ट्रपति का पद संविधान का दूसरा सर्वोच्च पद है। वे राज्यसभा के सभापति भी होते हैं और राष्ट्रपति की अनुपस्थिति में देश के कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में भी कार्य करते हैं।
उपराष्ट्रपति बनने पर देशभर से मिल रही बधाइयाँ
देश के विभिन्न हिस्सों से सी. पी. राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति बनने पर बधाइयाँ मिल रही हैं। राजनीतिक दलों के नेताओं से लेकर आम जनता तक ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।









