Fake Paneer in Raipur: रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारी मात्रा में नकली पनीर बरामद हुआ है। खाद्य विभाग ने रायपुर के शंकर नगर में एक मकान में छापा मारा जहां नकली पनीर बनाने का गोरख धंधा चल रहा था।
खाद्य विभाग की टीम जब फैक्ट्री पहुंची तो वहां का माहौल देखकर दंग रह गई। छापे के दौरान टीम को फैक्ट्री के अंदर बेहद गंदा, बदबूदार और unhygienic माहौल मिला। पनीर को गंदे पानी और बर्फ में रखा गया था। फैक्ट्री के चारों तरफ तेल के टिन, कैमिकल की बोतलें और खुला मिल्क पाउडर बेतरतीब तरीके से फैला हुआ था।
यह भी पढ़ें- राखी बांधते वक्त क्यों लगाई जाती हैं तीन गांठ? जानें- मान्यता और इस साल का शुभ मुहूर्त
इस अवैध फैक्ट्री का संचालन मुरैना (मध्य प्रदेश) निवासी हुकुमचंद बंसल और उनके बेटे अंकुर बंसल कर रहे थे। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे यह नकली पनीर रायपुर के अलग-अलग होटल और दुकानों को सप्लाई करते थे। फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों को भी मुरैना से लाया गया था।
नकली पनीर खाने के गंभीर नुकसान
नकली पनीर का सेवन सेहत के लिए बेहद हानिकारक हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, इसके सेवन से निम्नलिखित समस्याएं हो सकती हैं,
पाचन संबंधी समस्याएं: नकली पनीर खाने से अपच, फूड पॉइजनिंग, पेट में जलन, गैस और दस्त जैसी परेशानियां हो सकती हैं।
बैक्टीरियल संक्रमण: गंदे पानी या मिलावटी दूध से बना पनीर ई-कोलाई और साल्मोनेला जैसे खतरनाक बैक्टीरिया को जन्म देता है, जो शरीर में संक्रमण फैला सकते हैं।
गंभीर अंग क्षति: लंबे समय तक ऐसे पनीर का सेवन किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है और शरीर के अन्य अंगों की कार्यप्रणाली को भी प्रभावित कर सकता है।
एलर्जी और त्वचा रोग: नकली पनीर से त्वचा पर चकत्ते, गले व होंठ में सूजन, और सांस लेने में दिक्कत जैसी एलर्जिक प्रतिक्रियाएं हो सकती हैं।









